
ग्वालियर। शहर में चल रहे मल्टीप्लेक्स का शनिवार को नगर निगम की टीम ने निरीक्षण किया। रेसकोर्स रोड स्थित पीवीआर मॉल तथा फूलबाग क्षेत्र में स्थित दीनदयाल मॉल में टीम पहुंची और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने मल्टीप्लेक्स संचालकों को हिदायत दी कि वह हर सप्ताह प्रदर्शन टैक्स जमा करें वह भी पूरी जानकारी के साथ।
नगर निगम के विधि अधिकारी अनूप लिटोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार पीवीआर मॉल और दीनदयाल मॉल पहुंचे और वहां कर्मचारियों से जानकारी ली कि अभी प्रतिदिन कितने शो चल रहे हैं और कुल स्क्रीन कितनी हैं। कितने शो कैंसिल किए गए और किन कारणों से। विधि अधिकारी ने निर्देश दिए कि मल्टीप्लेक्स में जितने भी शो चल रहे हैं उनकी प्रतिदिन की जानकारी विधिवत तरीके से नगर निगम को उपलब्ध कराई जाए। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मल्टीप्लेक्स प्रबंधकों से कहा कि जो प्रदर्शन कर अदा करना होता है वह महीने के पहले सप्ताह में जमा करवाया जाए। ऐसा नहीं करने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णरेखा नदी में कचरा फेंकने पर वसूला जुर्माना
ग्वालियर शहर स्वच्छ व साफ रहे इसलिए गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलीथिन, गोबर नालियों में बहाने वालों पर निगम द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है, जिसके तहत शनिवार को विभिन्न स्थानों पर स्वर्ण रेखा नदी में कचरा फेंकते पाए जाने पर ऑन स्पॉट सभी से 21900 रुपए का जुर्माना वसूला गया ।इसके साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर आमजन से अपील की गई कि कचरा सिर्फ कचरा वाहन में ही डालें । नदी में डालकर नदी को गंदा न करें अन्यथा जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी।
निगम अमले ने अभियान चलाकर 2 दिन में पकड़े 47 नंदी
नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा बृहदस्तर पर अभियान चलाकर दो दिन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 47 नंदी पकड़कर गौशाला भिजवाए।
नगर निगम के सहायक नोडल अधिकारी एबीसी गौरव परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार एवं उपायुक्त सतपाल सिंह चौहान के निर्देशन में नंदी पकड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया जिसके तहत शुक्रवार एवं शनिवार में अचलेश्वर चौराहा, आमखो रोड, हजार बिस्तर अस्पताल के आसपास, नया बाजार सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गो एवं बाजरो में खड़े 47 नदी पकड़कर गौशाला भिजवाए। नंदी पकड़ने के लिए विशेष अभियान 7 दिन निरंतर चलाया जाएगा।