अपना शहर

नीडम आरओबी जल्द खोला जायेगा ; 8 अप्रैल को CM जनता को समर्पित करेंगे, सुगम यातायात के लिए शेष काम युद्ध स्तर पर पूरे हो रहे हैं

कलेक्टर चौहान ने किया आरओबी का निरीक्षण, प्रभारी मंत्री सिलावट ने भी वीसी के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों से की चर्चा

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विवेकानंद नीडम के समीप नव निर्मित आरओबी ( रेलवे ओवर ब्रिज) 8 अप्रैल को जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही इस आरओबी से विधिवत आवागमन शुरू हो जाएगा। इस आरओबी की सुविधा जल्द से जल्द शहरवासियों सहित जिले की जनता को मिल सके इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश पर आरओबी पर विद्युतीकरण सहित रोशनी के लिए पोल व रेडियम लगाना, रोड फर्शनिंग एवं मानकों के अनुरूप सुगम यातायात के लिए शेष काम युद्ध स्तर पर पूरे किए जा रहे हैं। यह आरओबी शुरू होने पर लश्कर, कम्पू, आमखो इत्यादि क्षेत्र के निवासी नाका चंद्रबदनी से विवेकानंद नीडम होते हुए कलेक्ट्रेट पहुँच सकेंगे। साथ ही आगरा-झाँसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीधे जा सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ दूरी भी कम तय करनी पड़ेगी।

कलेक्टर चौहान ने किया आरओबी का निरीक्षण

ग्वालियर में नव निर्मित विवेकानंद नीडम आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीते रोज ग्वालियर की ट्रांजिट विजिट के दौरान विमानतल पर कलेक्टर  रुचिका चौहान को नीडम आरओबी का निरीक्षण कर शेष काम शीघ्र से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि शेष कार्य पूर्ण होते ही आरओबी का लोकार्पण कर इसे जनता के लिये खोल दिया जायेगा। 

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने भी नीडम आरओबी के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागीय आयुक्त मनोज खत्री , कलेक्टर रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। वीसी के माध्यम से उन्होंने कहा नव निर्मित आरओबी की कमियों को तत्परता से पूर्ण कराया जाए।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में कलेक्टर  रुचिका चौहान ने शनिवार को नीडम आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने आरओबी पर रोशनी के लिये किए जा रहे विद्युतीकरण, शेष रोड फर्निशिंग, आरओबी के दोनों ओर की कॉलोनियों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार जोड़ने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश मौके पर मौजूद सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को दिए। कलेक्टर  चौहान ने कहा कि कॉलोनियों को पुल से जोड़ने का काम इस तरह से किया जाए, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की स्थिति न बने। आरओबी पर प्रोपर ढंग से रेडियम लगाने और डिवाइडर सहित जरूरत के मुताबिक स्पीड ब्रेकर बनाने की हिदायत भी उन्होंने निरीक्षण के दौरान दी।