
शिवपुरी/ग्वालियर । 22 जनवरी को अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम,भगवान राम के जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जन जन में उत्साह और उमंग का माहौल है। इन दिनों पूरा मध्य प्रदेश सहित भारतवर्ष राम मय हो गया है। जहां देखों सिर्फ राम नाम गूंज रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बदरवास के एक निजी स्कूल में 400 से अधिक बच्चों ने राम नाम की मानव श्रृंखला बनाकर भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के साथ भारत में राम राज्य स्थापित होने की प्रार्थना की। जिसमें राम नाम लिखकर तीन गोले बनाकर उसकी परिक्रमा की आकृति बनाई और संदेश दिया कि राम मनुष्यता के आदर्श पुरुष हैं और भारतीय संस्कृति के केंद्र हैं।
इस मानव श्रृंखला को ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड करवाया गया और स्कूल के संचालक द्वारा संगीतमय राम भजन के साथ इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। शिक्षक घनश्याम शर्मा ने सभी बच्चों को बताया कि भगवान राम ही हमारे रोल मॉडल होना चाहिए। राम चरित मानस से हमें एक आदर्श जीवन जीने के सूत्र प्राप्त होते हैं। सभी बच्चों ने भगवा ध्वज लेकर राम नाम की परिक्रमा लगाई और जय सियाराम के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
पूर्व मंत्री यशोधरा राजे ने X पर VIDEO किया पोस्ट
अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि पर बने भव्य राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी 2024 को होने वाला है। पूरे देश में इसे लेकर उत्साह का माहौल है। वहीं इस बीच पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सोशल मीडिया साईट X पर एक खूबसूरत वीडियो पोस्ट किया है, जो वायरल हो रहा है। पूर्व मंत्री ने शिवपुरी जिले के बदरवास के बीटी पब्लिक स्कूल का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमे करीब 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने राम नाम की सुंदर और अति मनमोहक मानव श्रृंखला बनाई। इसके साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- सकल विघ्न व्यापहि नहिं तेही। राम सुकृपा बिलोकहिं जेही।।
ग्वालियर में विहिप ने एक लाख 80 हजार परिवारों को पीले अक्षत दिये
विश्व हिन्दू परिषद ने एक पखवाड़े में गृह संपर्क अभियान में एक लाख 80 हजार से अधिक परिवारों को अयोध्याधाम से आए पीले अक्षत देकर रामलला के दर्शनों के लिए आमंत्रित किया है। विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष पप्पू वर्मा ने बताया कि गृह संपर्क अभियान 3 दिन और चलाया जाएगा। तीन दिनों में स्कूल, कालेजों व हास्टल में 20 हजार से अधिक युवाओं से संपर्क कर रामलला के दर्शनों के लिए आमंत्रित किया जायेगा। इस अभियान का शुभारंभ एक जनवरी से किया गया था। गृह संपर्क अभियान के अंतिम दिन 19 हजार 200 परिवारों से संपर्क कर 22 जनवरी के बाद रामलला के दर्शनों के लिए आमंत्रित किया।
यहाँ चला गृह संपर्क अभियान
विश्व हिंदू परिषद द्वारा चलाये जा रहे अक्षत वितरण अभियान के तहत अचलेश्वर मंदिर, शांतिनगर, जीवाजी गंज, दौलत गंज, राम मंदिर, बावन पायेगा, सूबे की गोठ, मूर्ति वाला मोहल्ला संजय नगर, जागृति नगर, गोयल वाटिका, निम्बा जी की खोह, आनंद नगर बस्ती में शील नगर, मोतीझील बस्ती, मोतीझील, बदना पुरा, भूतेश्वर बस्ती, विवेकानंद नगर हरिशंकरपुरम बस्ती के नवाब सिंह की कालोनी, सी ब्लाक, न्यू पुल के पास, ब्लाक बी आदि में 378 टोली के माध्यम से 19200 परिवारों के घर संपर्क कर अक्षत, राम चित्र, राम मंदिर का स्टिकर देकर आमंत्रित किया गया। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक स्वतंत्राता का पहला पग होगा। इसके वाद भारत का उत्थान प्रारंभ होगा आज सारा जहां का हिंदू राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से अभिभूत है, अब भारत में हिंदू समाज़ व हिंदू हितों की अवहेलना नही हो सकती।
अभियान में मुख्य रूप से मुकेश गुप्ता, मनोज रजक, मनोज गोड़िया, मुनेन्द्र कुशवहा, संजू राठौर,रविराज लूडेले, राजू गोस्वामी, दीपक माझी, नीरज उचिया, गजेन्द्र सिंह दिसोरिया, गोलू सेन, लाला सेवरिया, धर्मेन्द्र तिवारी, शेलेंद्र शर्मा, कोशल नगेले, उदय परमार सहित बड़ी संख्या में रामसेवक शामिल थे।