
ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने अनुकरणीय पहल की है। सफाई मित्र से लेकर वरिष्ठ अधिकारी के रूप में पदस्थ महिलाओं के साथ अपने कार्यालय में बुलाकर चर्चा की और उनके साथ सहभोज भी किया। इसके साथ ही शासकीय कार्य के दौरान उनके अनुभवों को भी सुना और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने अनुकरणीय पहल करते हुए जिले में सफाई कर्मी, होमगार्ड, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, तृतीय श्रेणी कर्मचारी के साथ ही अन्य विभागों में पदस्थ महिला कर्मियों को अपने कार्यालय आमंत्रित किया और उनके साथ ग्रुप फोटो भी कराए।
कलेक्टर चौहान ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के प्रवेश द्वार पर सभी महिलाओं के साथ पहुँचकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाते हुए ग्रुप फोटो कराया। इसके बाद मीटिंग हॉल में सभी महिलाओं से विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने महिलाओं से शासकीय कार्य के दौरान आने वाली परेशानियों और उनके अनुभवों को भी सुना। उन्होंने कहा कि सभी महिलायें अपने-आने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभा रही हैं। महिलाओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी हो तो वे बेझिझक आकर बता सकती हैं। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण भी किया जायेगा।
कलेक्टर चौहान ने सभी महिलाओं के साथ बैठकर सहभोज किया और एक-दूसरे को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनायें भी दीं। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय, नगर निगम, पुलिस विभाग के साथ अन्य विभागों में विभिन्न पदों पर पदस्थ महिलाकर्मी शामिल हुईं।