टॉप न्यूज़

"शीतला मंदिर के मेन गेट पर हुई दुर्घटना की जाँच शुरू": प्रत्यक्षदर्शी 26 से 28 अक्टूबर तक ADM के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत कर सकेंगे , लाइव वीडियो बनेंगे जांच का मुख्य आधार

निर्धारित तिथि के बाद साक्ष्य ग्रहण नहीं किए जा सकेंगे, कलेक्टर एवं डीएम रुचिका चौहान ने एडीएम सीबी प्रसाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया है, जाँच अधिकारी द्वारा जाँच शुरू भी कर दी गई है

ग्वालियरवासियों की आस्था का केंद्र ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार के सामने विगत 18 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर ट्रक दुर्घटना के कारण हुई जनहानि के कारणों की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। जाँच के लिये कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने अपर जिला दण्डाधिकारी (ADM) सीबी प्रसाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया है। जाँच अधिकारी द्वारा जाँच भी प्रारंभ कर दी गई है। 

सनद रहे  कि शीतला माता मंदिर  पर हादसा 18 अक्टूबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुआ था। मंदिर के मुख्य द्वार के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की मांग उठ रही थी।

जाँच अधिकारी सीबी प्रसाद ने उपरोक्त घटना के संबंध में कहा है कि कोई भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष व्यक्ति जिसका प्रकरण में प्रत्यक्ष रूप से हित निहित न हो, साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता हो, वह दिनांक 26, 27 व 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अपर जिला दण्डाधिकारी के न्यायालय में कक्ष क्रमांक-201 में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि के पश्चात साक्ष्य ग्रहण नहीं किए जा सकेंगे।