ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ग्वालियर जिले की विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूती और विश्वसनीयता प्रदान करते हुए 132 केवी सबस्टेशन मोहना को 220 केवी सब- स्टेशन शिवपुरी से जोड़ने वाले 62 सर्किट किलोमीटर लंबे दूसरे सर्किट का निर्माण कर इसे ऊर्जीकृत किया है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि दूसरे सर्किट के ऊर्जीकृत होने से अब मोहना सब-स्टेशन को शिवपुरी से दो सर्किट के माध्यम से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। इससे क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ेगी। पहले मोहना सब-स्टेशन को शिवपुरी से केवल एक सर्किट के माध्यम से विद्युत आपूर्ति मिलती थी।
*दूसरे सर्किट की उपलब्धता से मिलेगा लाभ*
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि दूसरे 132 केवी सर्किट की उपलब्धता से किसी एक सर्किट में तकनीकी खराबी आने या रख-रखाव के लिए उसे बंद रखने की स्थिति में दूसरे सर्किट के माध्यम से विद्युत आपूर्ति जारी रखने में मदद मिलेगी। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम होगी और व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाए रखने में सहायता मिलेगी। एमपी ट्रांसको के 132 केवी सबस्टेशन मोहना में दो पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनकी कुल क्षमता 103 एमवीए है। इस सब-स्टेशन से मोहना, घाटीगांव, सेहसराम और सुभाषपुरा क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है।
