अपना शहर

आपकी अनुपयोगी वस्तु:"किसी जरूरतमंद की खुशियों का सहारा"; स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ अभियान का उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर तीन विशेष संग्रहण वाहनों को किया रवाना

दीपावली पर स्वच्छता के साथ पुनः उपयोग को मिलेगा बढ़ावा, जरूरतमंदों को मात्र एक रुपये में मिलेंगी उपयोगी वस्तुएं, इस अभिनव पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है

ग्वालियर। दीपावली की खुशियों को जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए नगर निगम ग्वालियर द्वारा ’‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ विशेष अभियान’ संचालित किया जा रहा है। 21 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से घरों से निकलने वाली अनुपयोगी, लेकिन पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उन्हें नया जीवन देने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बाल भवन से विधानसभा क्षेत्रवार तैयार किए गए तीन विशेष संग्रहण वाहनों को उपायुक्त मुकेश बंसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

        नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के विशेष प्रयासों से संचालित इस अभिनव पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराना है। नगर निगम ग्वालियर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे दीपावली की साफ-सफाई के दौरान निकलने वाली पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को कचरे में फेंकने के बजाय अलग रखें और नगर निगम के विशेष संग्रहण वाहनों अथवा नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराएं। सामग्री साफ-सुथरी और दोबारा उपयोग के योग्य होनी चाहिए।

        आपकी अनुपयोगी वस्तु किसी जरूरतमंद के लिए अनमोल उपहार बन सकती है। नागरिकों की छोटी-सी सहभागिता शहर में कचरा कम करने, संसाधनों को बचाने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। नगर निगम का यह अभियान शहरवासियों को स्वच्छता के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए स्वच्छ, सुंदर, पर्यावरण अनुकूल एवं जनभागीदारी वाला ग्वालियर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कचरा नहीं, संसाधन हैं उपयोगी वस्तुएं

दीपावली के अवसर पर घरों की साफ-सफाई के दौरान बड़ी संख्या में कपड़े, किताबें, जूते, गद्दे, प्लास्टिक की वस्तुएं, कागज और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित कई ऐसी वस्तुएं निकलती हैं, जिनका उपयोग दूसरे लोग आसानी से कर सकते हैं। अक्सर ये वस्तुएं कचरे में फेंक दी जाती हैं, जिससे अपशिष्ट की मात्रा बढ़ती है। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने ’3 आरयानी रिड्यूस (कम उपयोग), रीयूज (पुनः उपयोग) और रीसाइकिल (पुनर्चक्रण)’ की अवधारणा को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्रवार निर्धारित तीन विशेष वाहन घर-घर जाकर पुनः उपयोग योग्य सामग्री एकत्रित करेंगे। नागरिक अपनी सामग्री नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय में भी जमा करा सकेंगे। क्षेत्रीय कार्यालयों में एकत्रित सामग्री को फूलबाग स्थित ’3 आर सेंटर’ में लाकर छांटा जाएगा तथा उपयोग योग्य वस्तुओं को व्यवस्थित कर दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाएगा।

सिर्फ एक रुपये में मिलेंगी जरूरत की वस्तुएं

अभियान की सबसे खास बात यह है कि दीपावली के बाद एकत्रित एवं उपयोग के लिए तैयार की गई वस्तुएं जरूरतमंद नागरिकों को मात्र एक रुपये में उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के अनुसार, एक रुपये में एक वस्तु के हिसाब से प्रत्येक व्यक्ति अधिकतम पांच वस्तुएं प्राप्त कर सकेगा। इस पहल से जहां उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाया जा सकेगा, वहीं जरूरतमंद परिवारों को कम कीमत पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध होगी। इस तरह यह अभियान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहयोग का संदेश देते हुए दीपावली की खुशियों को अधिक लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।