ग्वालियर। थाना सिरोल पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मेहरा टोल के पास हाईवे किनारे स्थित एक दुकान से 259 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस को बीते रोज 22 अक्टूबर को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेहरा टोल के पास हाईवे किनारे स्थित बीड़ी-गुटखे की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के पास अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है। सूचना की नियमानुसार कार्यवाही एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को स्वतंत्र साक्षी की उपस्थिति में पकड़ा तथा विधि अनुसार तलाशी की कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान संबंधित व्यक्ति के कब्जे से पारदर्शी पन्नी में रखा गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पदार्थ की पहचान संबंधी कार्रवाई एवं तौल के दौरान पारदर्शी पन्नी सहित कुल वजन 259 ग्राम पाया गया। इसके अतिरिक्त 300 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
मामले में आरोपी शिवदयाल कुशवाह, 44 वर्ष, निवासी जिला भिण्ड, हाल निवासी मेहरा टोल के पास, ग्वालियर के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के स्रोत तथा उससे संबंधित अन्य व्यक्तियों के संबंध में जांच की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
