अपना शहर

"ऊर्जा मंत्री ने पीएम के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाने की अपील की, उन्होंने कहा ग्वालियर की पवित्र धरती से ‘आशीर्वाद दीप’ जलाएं और पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और समृद्ध जीवन के लिए प्रार्थना करें

एक पेड़ माँ के नाम अभियान में कलेक्ट्रेट परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण: कलेक्टर सहित अधिकारियों एवं मीडियाकर्मी ने रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे, कार्यक्रम में कलेक्टर ने सेवा-संकल्प अभियान एवं स्वामित्व अधिकार अभिलेख व निष्पादन अभियान की जानकारी भी दी

पीएम मोदी का जीवन देश की सेवा, समर्पण और संकल्प की प्रेरणादायक यात्रा है, उन्होंने देश को नई दिशा और गति दी है, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध भारत का निर्माता बताया


ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर को शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आशीर्वाद का दीया जलाने का आव्हान समस्त ग्वालियर वासियों से किया है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देश की सेवा, समर्पण और संकल्प की प्रेरणादायक यात्रा है। उन्होंने कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में भारत लगातार आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध भारत का निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को नई दिशा और गति दी है और वैश्विक मंच पर भारत की अलग पहचान को मजबूत किया है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने नागरिकों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच ग्वालियर की पवित्र धरती से ‘आशीर्वाद दीप’ जलाएं और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और समृद्ध जीवन के लिए प्रार्थना करें।

इधर एक पेड़ माँ के नाम अभियान में कलेक्ट्रेट परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण: कलेक्टर सहित अधिकारियों एवं मीडियाकर्मी ने रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे, कार्यक्रम में कलेक्टर ने  सेवा-संकल्प अभियान एवं स्वामित्व अधिकार अभिलेख व निष्पादन अभियान की जानकारी भी दी

 

ग्वालियर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर पौधों की देखभाल एवं उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर  रुचिका चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों से पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले में 17 सितंबर से शुरू होने जा रहे “सेवा–संकल्प अभियान” के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा । अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों को गति दी जाएगी ।