ग्वालियर। अपनी आय दोगुनी करने के लिये किसान भाई पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी, उन्नत पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण भी अपनाएं। सरकार द्वारा संचालित अनुदान आधारित योजनाओं का लाभ उठाकर किसान भाई अपनी आय बढ़ा सकते हैं। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत मुरार विकासखंड के ग्राम सुपावली में शुक्रवार को आयोजित छठवें जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कही। “सेवा-संकल्प अभियान” की मूल भावना के अनुरूप इस शिविर में उद्यमी संवाद एवं सोशल मीडिया इंफ्लुऐंसर संवाद विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। शिविर से पहले कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों द्वारा शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया। इस शिविर के माध्यम से सीएम हैल्पलाइन की 91 शिकायतों का निराकरण किया है। साथ ही शिविर में सीधे लगभग 100 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। 38 आवेदन निराकरण के लिये सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किए गए। शिविर में स्वीकृत सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गर्भवती माताओं को पोषण आहार किट, दिव्यांग पेंशन व लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, आधारकार्ड व आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये अलग से काउण्टर लगाए गए थे। दिव्यांगों के प्रमाण-पत्र बनाने के लिये मेडीकल बोर्ड भी यहां पर बैठा था।
सांसद कुशवाह ने किसान भाईयों से खासतौर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना व आचार्य विद्यासागर योजना एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव की मंशा है कि युवा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यमी बनें, जिससे वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें और उन्हें नौकरी तलाशने की जरूरत न पड़े। इसी उद्देश्य से “सेवा-संकल्प अभियान” एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाए जा रहे हैं।
कलेक्टर चौहान ने जन-विश्वास शिविर में सामने आईं राजस्व व पेयजल सप्लाई संबंधी समस्याओं का निराकरण अधिकारियों को मौके पर भेजकर कराया। साथ ही राजस्व संबंधी अन्य समस्याओं के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित की।
युवा उद्यमी अब दूसरों को रोजगार दे रहे हैं
उद्यमी संवाद के दौरान ग्राम सौंसा निवासी रवि कुमार यादव का कहना था कि पहले हम नौकरी की तलाश में रहते थे। हमने भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत 8 लाख 75 हजार रुपए के अनुदान सहित 25 लाख रुपए का लोन लेकर ऑयल मिल स्थापित किया है। इससे हम अन्य 15 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उनकी औद्योगिक इकाई का वार्षिक टर्नओवर एक करोड़ रुपए तक पहुँच गया है।
इसी तरह टिहौली निवासी दिव्यांग युवक आसीन अली ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 4 लाख रुपए का लोन लेकर पशु आहार की दुकान खोली है, इससे उन्हें अच्छी-खासी आमदनी हो रही है। साथ ही तीन लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। जनारपुरा निवासी धीर सिंह ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से कैटरिंग का फलता-फूलता व्यवसाय खड़ा कर लिया है, जिससे उन्हें लगभग 8 लाख रुपए वार्षिक आमदनी हो रही है। गोविंद पाल ने उद्यम क्रांति योजना से बेरजा में इलेक्ट्रोनिक शॉप, पूरन सिंह ने पीएम विश्वकर्मा योजना से सेंटरिंग, मुद्रा योजना से विशाल सोनी ने कॉस्मेटिक आयटम की दुकान, विशाल धाकड़ ने किराना व संतोष पाल ने बैल्डिंग की दुकान खोलकर आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम ही है। जन-विश्वास शिविरों में युवाओं को अपने-अपने उद्यम स्थापित करने के लिये प्रेरित करने के उद्देश्य से “उद्योग संवाद” का विशेष रूप से आयोजन किया जा रहा है।
प्रशांत बोले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग जरूरतमंदों के हित में हो
इन्फ्लुयेंसर संवाद के दौरान युवा इन्फ्लुयेंसर प्रशांत पटेरिया का कहना था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छोटी-छोटी रील के माध्यम से हम जन हितैषी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुँचा सकते हैं। प्रशांत पटेरिया स्वच्छता व वृक्षारोपण जैसे रचनात्मक कार्यों से जुड़े हैं। उनका कहना था कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने ब्लॉग बनाने के साथ-साथ हर दिन कम से कम दो घंटे का समय सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के लिये देते हैं। सुपावली के अन्य छोटे-छोटे इन्फ्लुयेंसर ने भी इस संवाद में हिस्सा लिया।
निरीक्षण में खुल गए स्कूलों के कायाकल्प के रास्ते
कलेक्टर रुचिका चौहान एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत जन-विश्वास शिविर से पहले सुपावली के आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल का निरीक्षण किया। सुपावली के इन दोनों स्कूलों के कायाकल्प का रास्ता भी इस निरीक्षण के माध्यम से खुल गया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सुपावली के सरपंच व सचिव को पंचायत निधि से सुपावली के प्राथमिक विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, भवन व छत की मरम्मत, प्रोपर विद्युत फिटिंग एवं रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। इसी तरह हाईस्कूल में भी आवश्यक सुविधायें जुटाने के निर्देश दिए। दोनों विद्यालयों की व्यवस्थायें ठीक न पाए जाने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने हाईस्कूल की प्राचार्या रामवती अहिरवार, प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्योतिकांता पाराशर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत सचिव व आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक को भी नोटिस जारी करने के निर्देश उन्होंने दिए।
विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी शिविर में पहुँचने से पहले अपने-अपने विभाग की संस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार की रूपरेखा तय की।
नन्ही-मुन्नी भूमि ने “तितली उड़ी बस पर चढ़ी…” कविता सुनाकर किया मंत्रमुग्ध
कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा किए सुपावली की आंगनबाड़ी के निरीक्षण के दौरान सुखद पहलू भी सामने आए। नन्हीं-मुन्नी बच्ची भूमि स्वयं आगे चलकर आई और अपनी तोतली जुबान से “तितली उड़ी, बस पर चढ़ी…” कविता सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी तरह एक अन्य बालिका दिवांशी ने “मछली जल की रानी है…” कविता सुनाई।
