ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को ग्वालियर दक्षिण में कम्पू स्थित महावीर भवन में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, सभापति मनोज तोमर व भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही रक्तदान के लिए आए सभी नागरिकों की सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। समाज में सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक और प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज में मानवता और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, अनिल सांखला, कमल माखीजानी, जवाहर प्रजापति व विनय जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे। इस अवसर पर ‘सेवा से बड़ा कोई संकल्प नहीं, मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं’ के संदेश के साथ रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
संभागायुक्त खत्री ने रक्तदान कर दिया मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश
सेवा-संकल्प अभियान के तहत मुरार जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने शासकीय सेवकों एवं नागरिकों से रक्तदान का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का संकल्प है। आइए, हम भी आगे बढ़ें… रक्तदान करें, जीवन बचाने में सहभागी बनें।
कलेक्टर ने रक्तदान कर कहा सेवा को संकल्प बनाएं और मानवता के लिए रक्तदान करें
'सेवा–संकल्प अभियान' के तहत जिला चिकित्सालय मुरार में कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वयं रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश दिया। उनका यह कदम केवल रक्तदान तक सीमित नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है जो किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में अपना योगदान दे सकता है। कलेक्टर ने शासकीय सेवकों से भी आगे बढ़कर रक्तदान करने और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया। आपका रक्तदान किसी के जीवन में नई उम्मीद बन सकता है। आइए, सेवा को संकल्प बनाएं और मानवता के लिए रक्तदान करें।
