ग्वालियर। नगर निगम से प्राप्त अनुमति के विपरीत निर्माण करने पर वार्ड 21 में 18 दुकानों एवं थौराट की गोठ में रोड़ पर बनी दीवाल पर निगम का बुल्डोजर चलाया गया।
नगर निगम ग्वालियर के भवन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के निर्देशन में अवैध रूप से किए गए निर्माण कार्यों को हटाने की कार्यवाही निरंतर की जा रही हैं। जिसके तहत आज गुरुवार को वार्ड क्रमांक 21 न्यू बैंक कॉलोनी में मोहन वादिल एवं ऋषभ जैन द्वारा नगर निगम से प्राप्त अनुमति के खिलाफ पार्किंग के स्थान पर 18 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। जिसके लिए निगम द्वारा अवैध निर्माण हटाने के लिए निगम द्वारा विधिवत नोटिस दिए गए थे। किन्तु भवन स्वामी द्वारा अनुमति के विपरीत निर्माण को नही हटाया गया। जिस पर निगम द्वारा कार्यवाही करते हुए अनुमति के विपरीत बनाई गई 18 दुकानों को हटाया गया।
इसके साथ ही पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत माधव प्लाजा के सामने थौराट की गोठ में रोड़ पर बनी दीवाल की तुड़ाई कर गेट फावड़ा जब्त कर कार्यवाही की गई। इसके पश्चात मुरार बारादरी से सदर बाजार अग्रसेन चौराहा गणेश मंदिर गर्म सड़क गर्ल्स कॉलेज तक यातायात में अवरुद्ध हाथ ठेले फुटपाथियों दुकानदारों के सामान को हटवाया और जब्त सामान को मदाखलत कार्यालय पर जमा किया। कार्यवाही के दौरान मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र चौहान, जोनल ऑफिसर सौरव चौधरी, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसोदिया सहित मदाखलत अमला मौजूद रहा।
भवन निर्माण सामग्री सड़क पर डालने पर वसूला जुर्माना
भवन निर्माण सामग्री सड़क पर डालकर यातायात को अवरूद्ध कर रहे मकान मालिकों पर जुर्माने की कार्रवाई करते हुए 17,000 रूपये का जुर्माना वसूला गया।
अधीक्षण यंत्री जनकार्य के अनुसार नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश के अनुसार भवन निर्माण सामग्री सडक पर डालने वालों पर अभियान चलाकर जुर्माने की कार्यवाही की गई। जिसके तहत आज भवन निर्माण सामग्री सड़क पर डालने पर वार्ड 1 में इम्पीरियल इंफ्रा पर 5000 रूपये, वार्ड 46 निम्बालकर की गोठ कम्पू पर श्री मनोज अग्रवाल पर 2000 रूपये, वार्ड 46 हनुमान नगर में नीतू पर 2000 रूपये, वार्ड 65 भगवती विहार कॉलोनी अजयपुर पर संगीता दोहरे पर 7000 रूपये का जुर्माना किया गया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में वार्ड 50 महाराज बाडा पर गंदगी फैलाने वालों से 1000 रूप्ये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान जेडएचओ, डब्लयूएचओ सहित निगम का अमला आदि उपस्थित रहे।
साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर के निर्देशन में वार्ड क्रमांक 15 में भैंस डेयरी वालों पर जुर्माना करवाई करते हुए 1000 रूपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी संजय शाक्य, जेडएचओ राजेश भारती, डब्ल्यूएचओ नीरज करोसिया उपस्थित रहे।
