ग्वालियर जिले में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ का शुभारंभ दिवस मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर को जिले में पाँच स्थानों पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी नागरिकों और शासकीय सेवकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लिया। अभियान के पहले दिन जिले में लगभग 535 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। जिला चिकित्सालय मुरार में आयोजित रक्तदान शिविर में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री और कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने रक्तदान किया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर समाज को मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का प्रेरक संदेश दिया। सिटी सेंटर निवासी रविन्द्र यादव ने भी जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में रक्तदान किया। उनके द्वारा किया गया यह 35वाँ रक्तदान था। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रक्तदान करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी की बात है। 13वीं बटालियन में पदस्थ विशेष सशस्त्र बल के जवानों और सेवाभावी नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। बटालियन के जवान संतोष धाकड़, पुरुषोत्तम प्रजापति और दीपक नरवरिया ने सेवाभाव के साथ रक्तदान करते हुए नागरिकों से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहभागी बन सकते हैं।
इन स्थानों पर जिले में लगे रक्तदान शिविर
‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय मुरार में आयोजित शिविर में लगभग 80 यूनिट रक्तदान हुआ। महावीर भवन कम्पू में आयोजित शिविर में लगभग 405 यूनिट, वृंदावन गार्डन पुरानी छावनी में 24 यूनिट, कैंसर हॉस्पिटल में 10 यूनिट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डबरा में 17 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
महावीर भवन कम्पू में मंत्री नारायण सिंह और सांसद कुशवाह ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर और भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि ‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत महावीर भवन कम्पू में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुँचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के लिए आगे आए सेवाभावी नागरिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। विभिन्न शिविरों में भी जनप्रतिनिधियों ने स्वयं भी रक्तदान कर समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
