इससे पहले गोपाल मंदिर में आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सुबह 10 बजे श्रीराधा-कृष्ण के श्रंगार के लिए भारी पुलिस सुरक्षा के साथ सेंट्रल बैंक के लॉकरों से भगवान के गहने निगमायुक्त द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में निकाले गए
ग्वालियर। फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का श्रंगार ऐतिहासिक अमूल्य आभूषणों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों द्वारा पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर महापौर शोभा सिकरवार , सभापति मनोज तोमर, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव सहित पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
गोपाल मंदिर में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातः 10ः00 बजे श्री राधाकृष्ण के श्रंगार के लिए भारी पुलिस सुरक्षा के साथ सेन्ट्रल बैंक के लॉकरों से भगवान के गहने निगमायुक्त द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में निकाले गए तथा मंदिर में गहनों की देखभाल के बाद गहनों से भगवान का श्रृंगार किया गया तथा श्रृंगार के बाद पूजा अर्चना के साथ ही आम श्रद्वालुओं के लिए पट खोल दिए गए। उसके बाद गोपाल मंदिर पर श्रद्वालुओं की लम्बी कतारें भगवान के इस मनोहरी आलौकिक स्वरुप की एक झलक पाने के लिए लगी रहीं।
भगवान श्री राधा-कृष्ण के मनोहारी रूप के दर्शन के लिये देररात तक लाईनें लगी रहीं तथा हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन किये वहीं गोपाल मंदिर पर भव्य एवं आकर्षक फूल-बंगला एवं रंगोली से सजाया गया है, जो भक्तों के आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके साथ ही मंदिर को अत्याधुनिक आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ सजाया गया है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ी एलईडी के माध्यम से मंदिर के अंदर भगवान श्री राधा कृष्ण के लाइव दर्शन कराए जा रहे हैं। साथ ही साफ सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया तथा मंदिर परिसर एवं बाहर सफाई करके कर्मचारियों ने प्रत्येक क्षेत्र में डस्टबिन रखवाए गए हैं, जिससे कहीं पर कचरा ना फैले।
चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में भगवान श्रीराधा-कृष्ण जी के आलोकिक स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा तथा मंदिर परिसर एवं आसपास गंदगी ना हो इसके लिए नगर निगम का स्वास्थ्य अमला भी लगातार सफाई व्यवस्था में लग रहा और बार-बार मंदिर परिसर की सफाई होती रही।
