तिरंगा यात्रा को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें कार्यकर्ता: प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह बोले-तिरंगा भारत की शक्ति और राष्ट्रीय अस्मिता का
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर मौजूद जनसमुदाय को संबोधित किया। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों के बीच हजारों की संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने वाला अभियान चलाया जा रहा है। महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज देशभर में देशभक्त नागरिक एक साथ तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा आज इंद्र देवता भी देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय के साथ ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भोपाल में तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब देश की अटूट राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की ताकत का प्रतीक है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में आमजन को इस अभियान से जोड़कर राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का कार्य करे। वही भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत की पहचान के साथ उसकी शक्ति, सामर्थ्य और राष्ट्रीय अस्मिता का सशक्त प्रतीक है। तिरंगे के नीचे एकजुट भारत ही नए भारत की सबसे बड़ी पहचान है। डॉ यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया।
“क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है आजादी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों से जो जनज्वार खड़ा हुआ, उसके परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों से मिली इस आजादी के 15 अगस्त को 80 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सदैव स्मरण करना चाहिए। उनके योगदान के कारण ही हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हम सभी आजादी के पर्व को देश के प्रत्येक वर्ग और नागरिक के साथ मिलकर मनाएं।
हम सभी अपने उत्तरदायित्व का पालन करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी परमात्मा से कामना करें और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करें। इन सभी के योगदान से ही भारत को आजादी मिली है। हम देश के सभी वर्गों और नागरिकों के साथ मिलकर आजादी का पर्व मनाएं तथा अपने उत्तरदायित्व का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि हम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मार्ग पर चलें और कामना करें कि हमारा भारत चिर युवा एवं चिर स्वतंत्र रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर आज पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उम्मीद है कि पूरे देश में तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मिलकर संकल्प करेंगे कि वे आजीवन देश की सेवा करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर फहराया तिरंगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा के साथ ही मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और गौरव को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
देशभक्ति के नारों से गूंज उठा आसमान
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हजारों की संख्या में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। हल्की बारिश के बीच भी देशभक्ति का जोश कम नहीं हुआ। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो इंद्रदेव भी भारत माता के सम्मान और स्वाभिमान को प्रदर्शित करने वाली इस तिरंगा यात्रा को अपना आशीर्वाद प्रदान कर रहे हों।हों।
प्रदेश में 14 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में कहा कि आज ही के दिन 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन आरंभ हुआ था। यह अभियान आज 9 अगस्त से आरंभ होकर 14 अगस्त तक चलेगा। प्रदेश के हर गांव, वार्ड, कस्बे, से लेकर राजधानी तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी और अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आव्हान भी किया।
भोपाल में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
टीटी नगर स्टेडियम से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे पहुंची और निर्धारित मार्ग से वापस टीटी नगर स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी के साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग, बुद्धिजीवी, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, अधिवक्ता, समाजसेवी, उद्यमी, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बड़ी संख्या में छात्र-युवा,पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक भी तिरंगा यात्रा का हिस्सा बने। पूरे मार्ग में हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों के उत्साह, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से राजधानी का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
