अपना शहर

अवैध रूप से भण्डारित 8 एलपीजी सिलेंडर जब्त; खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर पिंटो पार्क क्षेत्र से जब्त किए हैं सिलेंडर

रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिये शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में विशेष मुहिम चलाई जा रही है, बुधवार को टीम ने गैस एजेंसियों व संदिग्ध स्थलों पर अवैध स्टॉक का निरीक्षण किया

ग्वालियर। एलपीजी (रसोई गैस) का अनाधिकृत भण्डारण व रीफिलिंग रोकने एवं रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिये राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न गैस एजेंसियों व संदिग्ध स्थलों पर गैस के अवैध भण्डारण का निरीक्षण किया।

इस दौरान समर्थ नगर पिंटो पार्क स्थित अमित उपाध्याय के घर पर अवैध रूप से भण्डारित 8 एलपीजी सिलेंडर खाद्य विभाग की टीम ने जब्त किए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक से मिली जानकारी के अनुसार जब्त किए गए सिलेंडर घिरोंगी इण्डेन गैस एजेंसी को सुपुर्द किए हैं। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। खाद्य विभाग की टीमों ने बुधवार को ठाठीपुर स्थित बबलू गैस रीफिलिंग व सन्मति गैस सर्विस, पिंटो पार्क एवं हजीरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों अथवा परिसर में एलपीजी का अनाधिकृत भण्डारण न करें। केवल अपने गैस कनेक्शन के आधार पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।


गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त चार वाहन जब्त

खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ जिले में रात्रिकाल में भी कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में बीती दो रातों के दौरान गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त चार वाहन जब्त किए हैं। इनमें से दो वाहन बिजौली थाना के पास व दो वाहन महाराजपुरा थाना क्षेत्र से जब्त किए गए हैं।

इन वाहनों को जब्त कर संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में भेजा गया है। साथ ही खनिज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अर्थदण्ड सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी जिला खनिज अधिकारी के अनुसार गत 16 मार्च की रात बिजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त 14 चक्का का एक ट्रोला व 10 चक्का का डम्फर जब्त किया गया है। इसी तरह 17 मार्च की रात में लगाए गए चैकिंग प्वॉइंट के दौरान महाराजपुरा थाना क्षेत्र से 22 चक्का के दो ट्रोला गिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए पकड़े गए हैं।