ग्वालियर। जन-सुनवाई में जन सामान्य से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लें और समयबद्ध कार्यक्रम के तहत आवेदनों का निराकरण करें। यह निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने जन सामान्य को अपने कक्ष में बुलाया और एक – एक कर सभी की समस्यायें सुनीं। साथ ही जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। इससे पहले कलेक्ट्रेट के सभागार में भी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने जन-सुनवाई की।
मंगलवार को हुई कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 117 लोगों की सुनवाई हुई। जन-सुनवाई में प्राप्त हुए कुल आवेदनों में से 58 आवेदन दर्ज किए गए। शेष 59 आवेदन सीधे ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिये दिए गए। हर बार की तरह इस बार की जन-सुनवाई में भी जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम कराया गया। साथ ही जमीन संबंधी समस्याओं को जल्द से जल्द निराकृत करने के लिये संबंधित एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देशित किया गया।
कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई जन-सुनवाई में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी जन सामान्य की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
