टॉप न्यूज़

सेना के हित व सिविल एरिया के लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विलय का प्लान बनाएँ, छावनी क्षेत्र मुरार के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल करने सांसद कुशवाह ने ली बैठक

मुरार छावनी में हुई इस बैठक में छावनी के स्टेशन कमाण्डर, कलेक्टर एवं निगमयुक्त बैठक में शामिल हुए

ग्वालियर। छावनी क्षेत्र में सेना के हित सुरक्षित रहें, साथ ही यहाँ के सिविल एरिया में निवासरत नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधायें मिलने का मार्ग प्रशस्त हो। इस बात को ध्यान में रखकर छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल करने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाएं। यह बात सांसद  भारत सिंह कुशवाह ने  सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन, नगर निगम व छावनी बोर्ड के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही। 

मुरार छावनी में हुई इस बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण  प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान, छावनी क्षेत्र मुरार के स्टेशन कमाण्डर ब्रिगेडियर डीबी सिंह व कर्नल अमित शर्मा, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, छावनी बोर्ड के सीईओ आकाश शर्मा, अपर आयुक्त नगर निगम विजय राज व एसडीएम  अशोक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

सांसद  कुशवाह ने कहा कि राज्य शासन एवं भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय स्तर पर छावनी क्षेत्र मुरार के सिविल एरिया को ग्वालियर नगर निगम में शामिल करने के संबंध में उनकी ओर से पुरजोर प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शामिल होने के बाद मुरार छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया के निवासियों को प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार के लिये आर्थिक मदद, मकान बनाने के लिये बैंको से लोन एवं सरकार की तमाम जनकल्याणकारी व विकास योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। साथ ही यहाँ की बस्तियों में सीवर, पेयजल व स्ट्रीट लाइट समेत तमाम बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार होगा। यहाँ के निवासियों को भवन निर्माण की अनुमति भी आसानी से मिलने लगेगी। 

छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को ग्वालियर नगर निगम में शामिल करने से संबंधित सेना व नगर निगम की अपेक्षाओं को बैठक में साझा किया गया। ब्रिगेडियर डीबी सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि सेना द्वारा छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर निगम में शामिल करने से संबंधित सेना की अपेक्षाओं के साथ शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। कलेक्टर ने कहा कि सिविल एरिया के विलय संबंधी कार्य में जिला प्रशासन से पूरा सहयोग मिलेगा।