टॉप न्यूज़

कुबेरेश्वर धाम के रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल हुए सीएम ; डॉ. यादव बोले- राष्ट्र निर्माण में संतों और गुरूओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण

आश्रम प्रबंधन का कहना है कथा में प्रतिदिन 10 लाख श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, कथा के कारण देवास-भोपाल हाईवे पर ट्रैफ़िक डायवर्ट किया

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जीवन-मृत्यु व्यक्ति के हाथ में नहीं है, लेकिन संत लोगों को धर्म की राह दिखाकर सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित कर उनके जीवन को सार्थक बनाते हैं। सांस्कृतिक, धार्मिक मूल्यों की स्थापना तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में संतों और गुरुओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सोमवार को कुबेरेश्वर धाम सीहोर में आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होकर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि सीहोर जिले के कुबरेश्वर धाम में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह कथा आज 3 मार्च तक जारी रहने वाली है  और आज कथा का विश्राम हो जाएगा ।

 इस कथा में शामिल होने के लिए देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु कुबरेश्वर धाम पहुंचे हैं। शनिवार और रविवार को यहां दो श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी । आज सोमवार को भी गुजरात से आई मंजू नामक वृद्ध महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद  महिला को  अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आश्रम प्रबंधन का कहना है  प्रतिदिन कथा में 10 लाख श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।हैं।

सोमवार को कुबेरेश्वर धाम के रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने पहुँचे सीएम यादव ने कहा कि पं. प्रदीप मिश्रा जी लोगों में ईश्वर के प्रति आस्था और भक्ति जागृत कर लोगों का आध्यात्मिक, धार्मिक उत्थान कर रहे है। उन्होंने कहा पं. मिश्रा ने भोपाल के पास सीहोर में कुबेरेश्वर धाम की स्थापना कर इस क्षेत्र को एक नई धार्मिक पहचान दी है। दुनिया के दो सौ से अधिक देशों में भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और सबसे बड़े देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज कुंभ में गगा स्नान कर देश की सनातन संस्कृति के प्रति देशवासियों की अटूट आस्था का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार को सभी संतों का मार्गदर्शन मिला है। समय-समय पर हम और हमारी सरकार उनसे कई अवसरों पर विचार-विमर्श भी करती है। संतों से हमें सरकार चलाने का नैतिक बल मिलता है, जिससे हम अधिक मजबूती के साथ प्रदेश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए काम कर  रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने पूरे प्रदेश में गौ- शालाओं का निर्माण किया है और गौ-शालाओं में गौ-माता के लिए बेहतर परिवेश उपलब्ध करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौ-माता परमात्मा की हम पर असीम कृपा है। गौ-माता प्रकृति और परमात्मा के बीच संबंध का सूत्र है। बेसहारा, अशक्त और वृद्ध गौ-माताओं के आश्रय के लिए भोपाल सहित सभी बड़ी नगर निगमों में 10 हजार क्षमता की गौ-शालाएं बनाई जाएगी। दुग्ध उत्पादन पर भी प्रोत्साहन में बोनस प्रदान किया जाएगा। दस से अधिक गाय पालने वालों को अनुदान दिया जाएगा। गांव-गांव में गोपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। गौ-शाला चलाने वालों को प्रति गाय 20 रुपये के स्थान पर 40 रुपये का अनुदान देकर गौ-शालाओं को सक्षम बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के विकास के साथ- साथ सामाजिक सरोकार के भी काम कर रही है। प्रदेश सरकार कल्याणी बहनों के पुनर्विवाह के लिए दो लाख रुपए प्रदान करेगी। ताकि बहनों का फिर से घर बस सके और उनके जीवन में खुशियां आए।  उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में क्षिप्रा का पानी सूख जाता है। क्षिप्रा को पूरे साल प्रवाहमान बनाये रखने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाने की योजना बनाई है। प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों वाले 19 स्थानों में शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय लिया इसके साथ ही खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाया है।

देवास-भोपाल हाईवे पर ट्रैफ़िक डायवर्ट किया

सीहोर एसपी दीपक कुमार शुक्ला का कहना है कि कुबरेश्वर धाम में हो रही कथा की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 4 मार्च की सुबह तक देवास-भोपाल हाईवे पर परिवर्तित मार्ग से यातायात का आवागमन हो रहा है। एसपी के अनुसार कुबरेश्वर धाम में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। यहां पर खोया पाया केंद्र सहित कई सुविधाएं श्रद्धालुओं के लिए जुटाई गई है।है।

रुद्राक्ष महोत्सव में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक सुदेश राय, पिछड़ा वर्ग अयोग के सदस्य सीताराम यादव, नपा अध्यक्ष  प्रिंस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा, कलेक्टर बालागुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला तथा जिला पंचायत सीईओ नेहा जैन उपस्थित थीं।