ग्वालियर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्वालियर जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। सप्ताह का शुभारंभ शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता रैली के साथ हुआ।
नशामुक्ति जागरूकता रैली को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली साइंस कॉलेज के पास स्थित विवेकानंद चौराहे से प्रारंभ होकर जीवाजी क्लब होते हुए थीम रोड कटोराताल पहुंची, जहां जागरूकता रैली का समापन हुआ। रैली में युवाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान नशामुक्ति जागरूकता रथ युवाओं एवं आमजन के आकर्षण का केंद्र रहे। जागरूकता रथों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।
‘नशा केवल स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है’:मंत्री नारायण सिंह
इस अवसर पर मंत्री नारायण सिंह ने कहा नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार के साथ सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मद्य निषेध सप्ताह के दौरान आयोजित जागरूकता गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
नशे के जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया
संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग शिवांगी अग्रवाल ने मद्य निषेध सप्ताह की कार्यक्रम रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नशे के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा नशा मुक्ति के लिए परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।
रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष गौतम ने कहा कि आज युवा नशे के दलदल में फंसते जा रहे हैं। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाया
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल ने उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाया। उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक शिवांगी अग्रवाल, सहायक संचालक सुमित रघुवंशी, पूर्वी अग्रवाल, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम, दीपक श्रीवास्तव, शिक्षा विभाग से आरके सिंह, खेल विभाग से डॉ. अरविंद सिंह राणा, रितु भार्गव, ब्रह्माकुमारी संस्था से प्रहलाद जी, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त संचालक एसआर रायकवार, धर्मेन्द्र दीक्षित, आकाश खरे, राजकुमार आर्य, हिमांशु माहॊर, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, नागरिक तथा एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मद्य निषेध सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न नशा मुक्ति जागरूकता, जनसंवाद एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।जाएगा।
