कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी दलों की दबिश में हजीरा क्षेत्र से 12 बल्क लीटर देसी एवं 11 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा तथा प्रगति विहार कॉलोनी से 25 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई,इसके अलावा मामा का बाजार, स्टेशन रोड, बेला की बावड़ी एवं डबरा क्षेत्र से भी बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई है
ग्वालियर। गाँधी जयंती पर घोषित शुष्क दिवस ('ड्राय-डे') के दौरान पर ग्वालियर जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार,आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में हजीरा, तानसेन नगर, गोले का मंदिर, नारायण बिहार कॉलोनी, बेला की बाबड़ी एवं डबरा क्षेत्र में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से देसी एवं अंग्रेजी मदिरा, बीयर सहित कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए। हजीरा क्षेत्र से 12 बल्क लीटर देसी एवं 11 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा तथा प्रगति विहार कॉलोनी से 25 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई। इसके अलावा मामा के बाजार, स्टेशन रोड, बेला की बाबड़ी एवं डबरा क्षेत्र से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई।
आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 13 अपराध पंजीबद्ध किए गए। जब्त अवैध मदिरा एवं वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 2.25 लाख रुपए है। आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
