अपना शहर

"जन्माष्टमी महोत्सव आज"; गोपाल मंदिर फूलबाग में दोपहर 12 बजे से भव्य एवं धूम-धाम के साथ हर्षोल्लास से मनाया जाएगा, भगवान श्रीराधा-कृष्ण का बेशकीमती गहनों से श्रृंगार होगा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुबह बैंक लॉकर से भगवान के आभूषण तथा श्रृंगार सामग्री एवं पात्र निकालकर लाये जायेंगे तथा सफाई इत्यादि कर भगवान श्रीराधा-कृष्ण का श्रृंगार किया जायेगा

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्ठमी महोत्सव फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर पर 4 सितम्बर 2026 को दोपहर 12ः00 बजे से बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस अवसर पर फूलबाग स्थित रियासतकालीन गोपाल मंदिर में आज राधा-कृष्ण का सवा सौ करोड़ से अधिक बेशकीमती आभूषणों से मनमोहक और भव्य श्रृंगार होगा। भगवान श्रीकृष्ण को सोने का मुकुट व तोड़े पहनाए जाएंगे, वहीं राधाजी का पुखराज, माणिक और पन्ना जड़ित ऐतिहासिक मुकुट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। राधा-कृष्ण को मोती-पन्ने की सात लड़ी हार से भी सजाया जाएगा। भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में एलईडी व्यवस्था भी की गई है।
इसके साथ ही नगर निगम द्वारा साफ सफाई आदि कर दी गई हैं। मंदिर परिसर में गंदगी ना हो, इसके लिए डस्टबिन रखवाएं गए हैं। इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त अभिषेक चौधरी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।   
निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने जानकारी में बताया कि कई वर्षों से जन्माष्टमी महोत्सव में फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर स्थित श्रीकृष्ण एवं राधा को उनके प्राचीन बेशकीमती आभूषणों से सुसज्जित किया जाता रहा है, तब से प्रतिवर्ष गोपाल मंदिर की जन्माष्टमी कार्यक्रम में रियासतकालीन गहने तथा भगवान के सोने-चांदी के बर्तन व सजावट का सम्पूर्ण सामान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बैंक लॉकर से लॉकर भगवान का श्रृंगार किया जाता है। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस बल के साथ बैंक लॉकर से भगवान के आभूषण तथा श्रृंगार सामग्री एवं पात्र निकालकर लाये जायेंगे तथा इनकी सफाई इत्यादि कर भगवान श्री राधा कृष्ण का श्रृंगार किया जायेगा।

एलईडी से होंगे भगवान के दर्शन

दर्शनों के लिए कतार में लगे भक्तों को बाहर से भी बेशकीमती कीमती जेवरातों का श्रृंगार किए राधा-कृष्ण के दर्शन होते रहें, इसके लिए नगर निगम ने मंदिर परिसर में एलईडी की व्यवस्था की है।