शिवपुरी शहर के पास ग्राम गोरा टीला स्थित झरने के पानी के उपयोग के बाद चार बच्चों की दुखद मृत्यु की घटना पर जिला प्रशासन शिवपुरी द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए और मंगलवार को ही पिकनिक मनाने गए सभी परिजनों के सैंपल जांच के लिए गए हैं। डॉक्टर्स की 2 टीम बनाकर 50 ब्लड सैंपल लिए गए हैं।
इसके अलावा पानी की जांच के लिए भी सैंपल लिए गए है। तौकीर अहमद की 17 वर्षीय पुत्री ताशीन की जांच में समस्या पाए जाने पर अल्ट्रासाउंड कराकर इलाज कराया जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
जानकारी अनुसार शिवपुरी शहर के वार्ड 9 हम्माल मोहल्ला निवासी रजा मोहम्मद एवं फिजिकल थाना के सामने निवासरत तनवीर के परिवार के 15 सदस्य गोराटीला झरने में पिकनिक मनाने गए थे। जहां उन्होंने स्नान किया और खाना खाया, जिसके बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई।
*एसडीम ने मौके पर किया निरीक्षण*
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने प्रशासनिक अमले, पटवारी, सरपंच और ग्रामवासियों के साथ सिद्ध बाबा झरने व गोरा टीला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग को गांव में सर्वे करने, ग्रामीणों की स्वास्थ्य निगरानी रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
*जिला प्रशासन की जनहित में अपील*
जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने तक ग्रामीणों से सिद्ध बाबा झरने के पानी में नहाने, पीने या इसे किसी भी घरेलू उपयोग में न लाने की अपील की है।
*पीड़ित परिवारों को राहत राशि और संबल*
जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिजन को आर्थिक राहत पहुंचाई गई है। कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने परिवार से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और रेडक्रॉस से पीड़ित परिवारों को प्रत्येक को 1.5 लाख की राहत राशि का चैक सौंपा है।है।
