टॉप न्यूज़

दूधखो धाम में बहेगी भक्ति की धारा; महंत गणेशदास जी महाराज के सानिध्य में 9 दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव 21 मार्च से

108 कुण्डीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के साथ होगा आयोजन, 29 मार्च तक प्रतिदिन विशाल भंडारा

ग्वालियर। धार्मिक नगरी ग्वालियर एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रही है। दूधखो धाम के महंत श्री श्री 1008 श्री गणेशदास जी महाराज के सानिध्य में 21 मार्च से 29 मार्च 2026 तक नव दिवसीय 108 कुण्डीय श्री लक्ष्मीनारायण अति महाराज महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन श्रीसिद्ध बाबा महाराज दुर्वासा ऋषि जी की तपस्थली, दूधखो आश्रम, रतनगढ़ माता मंदिर के पास बाबड़ी सरकार इंदरगढ़ में संपन्न होगा। जहां प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन किया जाएगा। महंत गणेशदास महाराज ने बताया कि  यह धार्मिक महोत्सव ग्वालियर में आस्था का केंद्र बनने जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और इसे आध्यात्मिक जागरण के बड़े पर्व के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में प्रतिदिन विशाल भंडारा भी आयोजित होगा।

“महाराज का आह्वान-:धर्म से जुड़े, समाज को जोड़ें”

महंत गणेशदास महाराज ने इस आयोजन को जनकल्याण और धर्म जागरण का माध्यम बताते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यज्ञ और कथा जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और एकता का संचार होता है।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक उन्नयन का एक प्रयास है, जिसमें हर वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

*वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक सुनाएंगे रामकथा*

इस भव्य आयोजन में कथा वाचन का दायित्व परम पूज्य पं. गौरवकृष्ण गोस्वामी जी महाराज (वृंदावन) निभाएंगे, जो अपनी मधुर वाणी और ओजस्वी शैली से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। वहीं, वैदिक अनुष्ठानों व यज्ञ का संचालन वेदाचार्य डॉ भैरवदत्त त्रिवेदी (लोहामंडी, ग्वालियर) द्वारा किया जाएगा।

*संतों का सानिध्य बढ़ाएगा आयोजन की गरिमा*

आयोजन में विभिन्न स्थानों से संत-महात्माओं का आगमन होगा। कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न पीठों के पीठाधीश्वर के आने की संभावना है, जिनके सानिध्य से आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई मिलेगी।

*कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, 29 को पूर्णाहुति*

कार्यक्रम  व्यवस्थापक प्राण सिंह उर्फ मोनू राणा ने बताया कि 21 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन कथा, यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 29 मार्च 2026 को पूर्णाहुति होगी। व्यवस्थापक दुष्यंत सिंह राणा ने बताया कि आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।आयोजन को सफल बनाने के लिए एक समर्पित टीम लगातार कार्य कर रही है। 

श्रीराम कथा महोत्सव में यह रहेगा खासखास

* 108 कुण्डीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ

* प्रतिदिन श्रीराम कथा (दोपहर 1 बजे से)

* वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक गौरवकृष्ण गोस्वामी

* संत-महात्माओं का सानिध्य

* 21 मार्च: भव्य कलश यात्रा

* 29 मार्च: पूर्णाहुति एवं विशाल भंडाराभंडारा