टॉप न्यूज़

बढ़ते तापमान को ध्यान में रख गेहूँ खरीदी केन्द्रों पर की हैं विशेष व्यवस्थाएं; फ़सल बेचने आ रहे किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है शरबत और ओआरएस

तिघरा संस्था द्वारा संचालित खरीदी केन्द्र पर जब किसानों व हम्मालो को शरबत पीने मिला तो वे खुश हुए और सरकार एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद जताया

ग्वालियर जिले में 1363 किसानों से अब तक समर्थन मूल्य पर 1,65,498 क्विंटल गेहूँ की खरीदी, गेहूँ की खरीदी के लिए जिले में कुल 41 उपार्जन केन्द्र संचालित हैं

ग्वालियर। बढ़ते हुए तापमान को ध्यान में रखकर जिले के उपार्जन केन्द्रों पर किसान व हम्माल भाईयों को शीतल जल के साथ-साथ ओआरएस व शरबत जैसे पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को तिघरा संस्था द्वारा संचालित खरीदी केन्द्र पर जब किसानों व हम्माल भाईयों को शरबत पीने को दिया गया तो वे काफी खुश हुए और सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।  

कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उपार्जन केन्द्र पर अपनी उपज बेचने में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सभी केन्द्रों पर शीतल पेयजल व छाया सहित अन्य बुनियादी सुविधायें भी पुख्ता रहें। इसी कड़ी में अत्यधिक गर्मी को ध्यान में रखकर खरीदी केन्द्रों पर ओआरएस की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुविधानुसार अन्य शीतल पेय पदार्थ भी किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिले में समर्थन मूल्य पर किसान भाइयों से गेहूँ का उपार्जन जारी है। अब तक 1363 किसानों से एक लाख 65 हजार 498 क्विंटल गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। समर्थन मूल्य पर अपना गेहूँ बेचकर गए किसानों को अब तक 4 करोड़ 69 लाख 85 हजार रूपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये कुल 41 उपार्जन केन्द्र संचालित हैं। 

समर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने के लिये जिले के कुल 13 हजार 574 किसानों ने 40 उपार्जन केन्द्रों पर अपना पंजीयन कराया है। किसानों द्वारा अभी तक 41 संस्थाओं पर 3 हजार 505 स्लॉट बुक कराए जा चुके हैं। किसान भाई अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल फोन से स्लॉट बुक कराकर अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकते हैं। 

उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा 2600 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी की जा रही है। जिसमें 175 रूपए प्रति क्विंटल बोनस शामिल है।