स्पोर्ट्स

पेरिस ओलंपिक 2024: MP के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को प्रदेश सरकार देगी 1 करोड़ रुपए का इनाम, पेरिस ओलंपिक में हॉकी टीम ने जीता है ब्रॉन्ज मेडल

पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में विवेक की अहम भूमिका रही है, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को वीडियों कॉल कर दी बधाई

भोपाल। भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचा है। प्रदेशवासी भी इस जीत का जश्न मना रहे है, क्योंकि विजयी भारतीय टीम में मप्र इटारसी के चांदौन गांव के विवेक सागर प्रसाद ने अहम भूमिका निभाई है। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के शानदार खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद के लिए मध्य प्रदेश सरकार की मोहन सरकार ने इनाम की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश सरकार विवेक को 1 करोड़ रुपए की प्राइज मनी देगी। सीएम मोहन यादव ने इस बात का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के इस होनहार खिलाड़ी का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज वीडियो कॉल कर विवेक और पूरी भारतीय टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विवेक को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिस लगन और परिश्रम से भारतीय हॉकी टीम ने देश को गौरवान्वित किया है, वह प्रशांसनीय है।

उल्लेखनीय है  विवेक सागर मेजर ध्यानचंद अकादमी में प्रैक्टिस करते हैं। मध्यप्रदेश राज्य हॉकी आकादमी के पूर्व खिलाड़ी रहे विवेक सागर दूसरी बार ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसके पूर्व टोक्यों ओलंपिक-2020 में भी भारतीय टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था। 

पहले ओडिशा ने प्राइज मनी की बात कही, आज मप्र सरकार ने भी बड़ा ऐलान किया 

भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक्स 2024 में शानदार खेलते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। टीम के सभी खिलाड़ियों ने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया है‍। टीम ने गुरुवार को स्पेन के खिलाफ खेले गए मुकाबले को 2-1 से जीत लिया है। टीम इंडिया की जीत के बाद उसके लिए प्राइज मनी की घोषणा की गई थी। ओडिशा सरकार ने प्राइज मनी देने की बात कही थी। आज मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने भी बड़ा इस ओर बड़ा कदम उठाया है। एमपी के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने विवेक सागर प्रसाद के लिए 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित कर दिया है।