क्राइम

देर-रात तक पुलिस की कॉम्बिंग गश्त ; इस दौरान 223 फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर 260 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक

कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के थाना महाराजपुरा एवं थाना पिछोर, भितरवार, बिजौली में 01-01 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये तथा इस दौरान 14 अन्य कार्यवाहियां भी की गई

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्वालियर जिले में बीती दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देररात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान एएसपी ग्वालियर सुमन गुर्जर, एएसपी जयराज कुबेर एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने  अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया।

इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान ग्वालियर पुलिस ने जिले में कुल 102 स्थाई वारंट, 121 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 133 गुण्डा एवं 127 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। साथ ही गश्त के दौरान अवैध शराब के थाना महाराजपुरा एवं थाना पिछोर, भितरवार, बिजौली में 01-01 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये तथा इस दौरान 14 अन्य कार्यवाहियां भी की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है,साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया गया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की गयी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।