ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के फायर विभाग द्वारा शुक्रवार को महाराज बाड़े स्थित टोपी बाजार एवं मोर बाजार क्षेत्र में फायर सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
उपायुक्त फायर रजनीश गुप्ता के अनुसार नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश के अनुसार निरीक्षण के दौरान टोपी बाजार स्थित पूजा होजरी प्रतिष्ठान में फायर सुरक्षा से संबंधित कोई भी उपकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान में लगभग 15 से 20 कर्मचारी कार्यरत पाए गए हैं। कर्मचारियों एवं आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए इस परिसर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
इसी क्रम में मोर बाजार स्थित अनेजा मॉल का भी निरीक्षण किया गया। मॉल के निरीक्षण में पाया गया कि प्रतिष्ठान में स्थापित फायर सुरक्षा प्रणाली निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं पर्याप्त नहीं है। परिसर में 60 से अधिक कर्मचारी कार्यरत पाए गए। कर्मचारियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मॉल के एक फ्लोर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही संचालकों को आवश्यक फायर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगाह करते हुए निर्देशित किया गया और समझाइश भी दी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान फायर-ऑफिसर उमंग प्रधान, सहायक फायर ऑफिसर जोगेंद्र गुर्जर, मदाखलत अधिकारी , दल प्रभारी धर्मेंद्र भदौरिया, एएसआई दशरथ सिंह तोमर, हुजरात एवं जनकगंज कोतवाली का पुलिस फोर्स, क्षेत्रीय कार्यालय का स्टाफ तथा फायर विभाग का अमला मौजूद रहा।रहा।
