अपना शहर

पार्क गोद लेने के संबंध में संस्थाओं के साथ बैठक; संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एग्रीमेंट के बिंदुओं पर की चर्चा, अपर आयुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि पार्कों के बेहतर संरक्षण एवं विकास के लिए नगर निगम भी संस्थाओं को आवश्यक सहयोग देगा

बैठक में उन संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने नगर निगम को पार्क गोद लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए हैं, उधर पार्षद दल ने सिटी सेंटर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया

ग्वालियर। नगर निगम अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बाल भवन स्थित सभागार में पार्क गोद लेने के संबंध में इच्छुक संस्थाओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में उन संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने नगर निगम को पार्क गोद लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए हैं। बैठक के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सभी संस्थाओं को अवगत कराया कि पार्क गोद लेने की प्रक्रिया के अंतर्गत 1000 रुपये के स्टांप पेपर पर नगर निगम के साथ विधिवत अनुबंध (एग्रीमेंट) किया जाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि एग्रीमेंट में निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना संबंधित संस्था की जिम्मेदारी होगी।

बैठक में उपस्थित संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा एग्रीमेंट के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिस पर अपर आयुक्त ने विस्तार से जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि पार्कों के बेहतर संरक्षण एवं विकास के लिए नगर निगम भी संस्थाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।

अपर आयुक्त ने सभी इच्छुक संस्थाओं से कहा कि वे एग्रीमेंट का भली-भांति अवलोकन कर आगामी तीन दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा पार्कों के संरक्षण एवं विकास का कार्य प्रारंभ करें।

पार्षद दल ने किया मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण

नगर निगम परिषद के निर्देश पर नेता प्रतिपक्ष हरिपाल के संयोजन में पार्षदों द्वारा सालासर मॉल के पीछे स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। जिसमें पार्षदों द्वारा मल्टीलेवल पार्किंग की छत को व्यावसायिक उपयोग के लिए किराये पर देने के संबंध में रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

ज्ञात हो कि नगर निगम परिषद द्वारा विगत दिनों सिटी सेंटर सालासर मॉल के पीछे स्थित निगम की मल्टीलेवल पार्किंग के ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी को व्यावसायिक उपयोग हेतु इच्छा की अभिव्यक्ति के माध्यम से निविदा आमंत्रण के प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष हरिपाल के निर्देशन में पार्षद गणों को पार्किंग कि निरीक्षण हेतु निर्देशित किया था। जिसके क्रम में आज नेता प्रतिपक्ष  हरिपाल, उपनेता प्रतिपक्ष रवि तोमर, पार्षद नागेन्द्र राणा, अपर्णा पाटिल, सोनू विवेक त्रिपाठी, देवेन्द्र राठौर ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी राजस्व अनूप लिटोरिया ने पार्किंग की छत को लेकर आवश्यक जानकारी दी।