राजनीति

जन-कल्याण शिविरों की श्रंखला; हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा शासन की योजनाओं का लाभ : ऊर्जा मंत्री तोमर, सांसद बोले- ग्वालियर में विकास की अनेक परियोजनाओं को दिया जा रहा है मूर्तरूप

कांच-मिल के शिविर में 1150 से अधिक नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण, शिविर स्थल पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई

ग्वालियर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुँचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव की मंशा अनुरूप जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बीते दिनों ग्वालियर विस क्षेत्र में कांच-मिल सामुदायिक भवन पर शिविर आयोजित कर एक हजार से अधिक नागरिकों की समस्याओं को सुना और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के सार्थक प्रयास किए गए। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय सांसद  भारत सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजनों से चर्चा की और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कराया। 

कांचमिल सामुदायिक भवन में आयोजित जनकल्याण शिविर में 1150 नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के संबंध में अपने आवेदन प्रस्तुत किए। इसके साथ ही नागरिकों की समस्याओं का भी मौके पर स्थित विभागीय अधिकारियों ने निराकरण किया। शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को हितलाभ वितरित भी किया। शिविर स्थल पर जनसंपर्क विभाग के माध्यम से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। 

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि पीएम मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री यादव की मंशा अनुरूप शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन हितग्राहियों के पास पहुँचकर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद को शासन की योजनाओं का लाभ मिले, ताकि उनका जीवन और बेहतर हो सके। 

ऊर्जा मंत्री तोमर ने शिविर में मौजूद नागरिकों से कहा उनकी समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने का कार्य भी शिविर में किया जायेगा। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने का भी कार्य करेंगे। 

क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का सार्थक कार्य कर रही है। नागरिकों को भी चाहिए कि वे शासन की योजनाओं के माध्यम से अपने जीवन स्तर को और बेहतर बनाने का कार्य करें। सांसद श्री भारत सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार के माध्यम से विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। आमजनों को बेहतर मूलभूत सुविधायें मिलें, इसके लिये भी शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं। 

ग्वालियर  सांसद  ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के माध्यम से ग्वालियर में भी विकास की अनेक योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में आधुनिक हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, एलीवेटेड रोड, आगरा - ग्वालियर सुपर कोरीडोर के साथ ही अनेक विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ग्वालियर विकास के मामले में अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगा। 

शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ आमजनों को मिले, इसके लिये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शिविरों में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ योजनाओं का लाभ दिलाने का भी कार्य कर रहे हैं। हम सभी का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सुविधायें मिलें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सभी पात्र हितग्राहियों को मिले।

प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि शासन की मंशा अनुसार शहरी क्षेत्र में जनकल्याण शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण और योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है। शिविर में आने वाले हर आवेदक से संपर्क कर उनकी समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ शासन की जिन-जिन योजनाओं में पात्रता बनती है उनमें लाभ पहुँचाने का कार्य भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं नगर निगम के विभागीय अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। 

हितग्राहियों को हितलाभ का किया वितरण

जनकल्याण शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा 1150 से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किए गए। जिसमें समस्त प्रकार की पेंशन के 400 हितग्राही, सम्बल योजना के 40, लाडली लक्ष्मी योजना के 21, मातृ वंदना योजना के 09, पीएम स्व निधि योजना के 90, मृत्यु प्रमाण पत्र के 49, जन्म प्रमाण पत्र के 90, महिला कामकाजी योजना के 100, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना के 09, महिला वाल विकास विभाग के 50, विद्युत के 100, अन्य विभाग के 200 हितग्राही शामिल हैं। 


शिविर में योजनाओं की लगाई गई प्रदर्शनी

केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर केन्द्रित एक फोटो प्रदर्शनी जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई। ऊर्जा मंत्री  तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, साडा के अध्यक्ष  अशोक शर्मा, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जीडीए के उपाध्यक्ष  वेदप्रकाश शिवहरे, प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम, नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी को शिविर में भाग लेने आए हितग्रहियों ने भी देखा और समझा।