ग्वालियर। खरीफ फसल की बुआई को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर जिले में किसानों के लिये रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिले में वर्तमान में 21 हजार 667 मैट्रिक टन से अधिक उर्वरक का भंडार उपलब्ध है। किसानों को ई-विकास (वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति) प्रणाली के तहत ई-टोकन के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने किसानों से ऑनलाइन ई-टोकन बनाकर उर्वरक प्राप्त करने की अपील की है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आरबीएस जाटव ने बताया कि जिले में वर्तमान में 7 हजार 599 मैट्रिक टन यूरिया, 1 हजार 317 मैट्रिक टन डीएपी एवं टीएसपी, 7 हजार 469 मैट्रिक टन एनपीके, 5 हजार 1 मैट्रिक टन एसएसपी तथा 281 मैट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। इस प्रकार जिले में कुल 21 हजार 667 मैट्रिक टन उर्वरक का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
किसानों को समय पर और सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिये जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सहकारी समितियों एवं विपणन संघ के उर्वरक विक्रय केन्द्रों पर ई-विकास प्रणाली के माध्यम से अगस्त 2026 तक अन्य दिनों की तरह प्रत्येक शनिवार को भी उर्वरक का विक्रय किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी एसडीएम को खाद वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संघ के विक्रय केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
“बलराम” मोबाइल ऐप से किसान स्वयं बना सकते हैं ई-टोकन
किसान भाई वेब पोर्टल के साथ-साथ “बलराम” मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-टोकन प्राप्त कर सकते है। बलराम ऐप मोबाइल फोन में डाउनलोड करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल है। यह ऐप https://play.google.com/store/apps/details?id=com.crisp.e_vikas_farmer&hl=en_IN लिंक के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है।है।
