टॉप न्यूज़

रात्रि में सक्रिय दिखा प्रशासन; अवैध रेत परिवहन पर सख्ती, राजघाट चंबल, पिपरई, नंदपुरा, पिपरसेवा तथा आरटीओ चेक पोस्ट सहित संवेदनशील क्षेत्रों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया

चंबल नदी क्षेत्र में सतत एवं कड़ी निगरानी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए

मुरैना/ ग्वालियर। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एवं एसपी धर्मराज मीणा ने शुक्रवार रात्रि राजघाट चंबल, पिपरई, नंदपुरा, पिपरसेवा, हिंगोनाकलां, हिंगोना खुर्द तथा आरटीओ चेक पोस्ट सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रात्रि 11 बजे से प्रातः 3 बजे तक लगातार जारी रहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेक पोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की सघन एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने तथा किसी भी परिस्थिति में अवैध खनिज परिवहन को अनुमति न देने के निर्देश दिए। उन्होंने चंबल नदी क्षेत्र में सतत एवं कड़ी निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने पुलिस चौकियों एवं चेक पोस्टों पर रात्रिकालीन गश्त और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्रवाई करने तथा चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।