ग्वालियर। बीते रोज रविवार 31मई को थाना थाटीपुर क्षेत्र के तृप्तिनगर, नदीपार टाल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गयी थी। सूचना पर थाटीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की। थाटीपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अतर सिंह कुशवाह के घर पर एक महिला की मौत हो गई है। परिजन शव को घर में रखे हुए हैं। सूचना की तस्दीक के लिए थाना थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के एक कमरे में फ्रीजर में कपड़े से ढंका एक महिला का शव रखा मिला। पूछताछ में परशुराम कुशवाह ने बताया कि मृतका उसकी बहू ज्योति उर्फ जान्हवी पत्नी मनोज कुशवाह 31 वर्ष है, जिसकी सुबह सिर में गोली लगने से मौत हो गई।
पुलिस को जांच में मृतका के सिर पर खून से सनी सफेद रंग की बैंडेज बंधी मिली। मौके पर एफएसएल अधिकारी को बुलाकर शव एवं घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। प्रथम दृष्टया महिला की मौत सिर में गोली लगने से होना पाया गया। इस संबंध में थाना थाटीपुर में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मृतिका के ससुर परशुराम कुशवाह एवं देवर सागर कुशवाह, सचिन कुशवाह व राजकुमार कुशवाह से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मृतिका के देवर योगेश कुशवाह द्वारा पिस्टल से अचानक गोली चल जाने के कारण यह घटना हुई। पीएम रिपोर्ट में भी मृतका की मृत्यु फायर आर्म्स से होना लेख किया गया है। विवेचना में पाया गया कि आरोपी योगेश कुशवाह द्वारा यह जानते हुए भी कि गोली चलाने से मृत्यु हो सकती है, लापरवाही से फायरिंग की गई, जिससे महिला की मौत हो गई। यह कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत पाए जाने पर थाना थाटीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
महिला की मौत का मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने एएसपी अनु बेनीवाल को थाना ठाठीपुर पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर प्रकरण में वांछित आरोपी के खिलाफ शीध्र कार्यवाही कराने के लिए निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार अतुल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा थाना बल की टीम को प्रकरण में वांछित मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए लगाया गया।
दौराने विवेचना आज सोमवार 01.06.2026 को थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा इस प्रकरण में मुख्य आरोपी योगेश पुत्र परशुराम कुशवाह उम्र 21 वर्ष निवासी तृप्ति नगर थाटीपुर को गिरफ्तार कर उसे घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने मृतका ज्योति के बच्चे के दष्टौन कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायर के लिए अवैध पिस्तौल लाना तथा हर्ष फायर करने की बात बताई। आरोपी ने घटना वाले दिन को सुबह अवैध पिस्टल से ज्योति के साथ मजाक करने के दौरान गोली चल जाने से उसकी मौत होने की बात बताई है। पुलिस द्वारा आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल जब्त की गई। इस प्रकरण में मृतिका के ससुराल पक्ष द्वारा मृतका ज्योति की मृत्यु की सूचना पुलिस को नहीं दी गई तथा साक्ष्य छुपाने की दृष्टि से लाश को फ्रीजर में रखा गया था। इस कृत्य में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध भी पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
*सराहनीय भूमिकाः*- थाटीपुर थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी थाटीपुर, उनि.कमल किशोर पाराशर, सउनि. चतुर सिंह, प्रआर. गंगाचरण, प्रआर. दिनेश, शिरोमणि, आरक्षक मायाराम, जितेंद्र, विजय गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।रही।
