ग्वालियर। उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया जारी है। ई-प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है। विभाग ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे प्रथम चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 से पहले प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार स्नातक प्रथम चरण की आवंटन सूची 20 मई तथा स्नातकोत्तर प्रथम चरण की आवंटन सूची 21 मई 2026 को जारी की जाएगी।
ग्वालियर सहित प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन एवं दस्तावेज सत्यापन की व्यवस्था की गई है। साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग और प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में ई-प्रवेश प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और सकारात्मक माहौल बना है।
महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक मई से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया आगामी 30 जून 2026 तक संचालित की जाएगी।
जनसम्पर्क अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों के लिए, प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए इस वर्ष भी इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, इसमें दो केंद्रीकृत चरण एवं एक सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) चरण शामिल रहेगा।
