ग्वालियर। होली के पावन पर्व के अवसर पर नगर निगम मुख्यालय, ग्वालियर में स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय हेतु स्टॉल लगाए गए है। इस आयोजन में महिला उद्यमियों ने अपनी कला, गुणवत्ता एवं स्वदेशी उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
श्रष्टि स्व सहायता समूह, राधे स्व-सहायता समूह, नव ज्योति समूह द्वारा पलाश, गुलाब, गेंदे, चुकंदर, हल्दी और विभिन्न प्रकार के फलों और सब्जियों के रस से स्व-निर्मित हर्बल गुलाल, हर्बल साबुन, नीम पाउडर, गौ-कास्ट (गोबर से निर्मित) उत्पादों के साथ-साथ स्वादिष्ट नमकीन, मठरी, गुजिया एवं अन्य घरेलू उत्पादों का विक्रय किया गया। निगम कर्मचारियों तथा कार्यालय में आने वाले नागरिकों ने उत्साहपूर्वक समूह उत्पादों की खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “स्वच्छता के संग होली के रंग” पहल आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वच्छता जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के मद्देनजर होलिका दहन में मिट्टी, उपले एवं सीमित लकड़ी के उपयोग का आग्रह किया।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे स्वयं सहायता समूह की बहनों द्वारा तैयार उत्पादों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों को अपनाकर उन्हें प्रोत्साहित करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाएं।मनाएं।
होली पर 4 मार्च को शहर में दोपहर 12 बजे से होगा जलप्रदाय
प्रतिवर्ष होली के पावन पर्व पर नगर निगम सीमान्तर्गत क्षेत्रों में अतिरिक्त जलप्रदाय किया जाता हैं। पूर्व की भांति इस वर्ष भी होली के पावन पर्व पर 4.03.2026 को ग्वालियर शहर के सीमान्तर्गत सभी क्षेत्रों में दोपहर 12 बजे से अतिरिक्त जलप्रदाय किया जाएगा।
कार्यपालन यंत्री संजीव गुप्ता ने जानकारी में बताया कि निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार होली के पावन पर्व पर चार मार्च को दोपहर 12.00 बजे से जलप्रदाय किया जाएगा ताकि होली के पावन पर्व पर महानगर ग्वालियर के आम नागरिकों को पानी के लिए कोई असुविधा न हो।
महापौर ने शहरवासियों को दी होली की शुभकामनाएं
महापौर शोभा सिकरवार ने शहरवासियों को होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि होली उत्साह और उमंग से भरा रंगो का त्यौहार है। सभी शहरवासी सौहार्द के साथ हर्षोल्लास से होली का त्यौहार मनाएं।
महापौर डॉ सिकरवार ने शहर के नागरिकों से आग्रह किया कि उमंग के इस पर्व के साथ ही शहर के नागरिक अपने शहर की स्वच्छता का भी ध्यान रखें और अपने ग्वालियर को स्वच्छता में सहयोग करें तथा सड़कों पर कचरा न फैलाएं और न ही सड़कों को गंदा करें। जैविक रंगों के साथ हर्षोल्लास से मनाएं होली का त्यौहार।
निगमायुक्त ने भी होली पर्व की शुभकामनाएँ दी
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने भी शहरवासियों को होली के पावन अवसर पर बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं और कहा कि सभी शहारवासी हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाए और अपने शहर को स्वच्छ रखें।
उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, सौहार्द्र और भाईचारे का त्यौहार है। यह त्यौहार विद्वेष और भेदभाव से ऊपर उठकर सबको एक साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने शहरवासियों की सुख व समृद्धि की कामना की है।
