अपना शहर

गिट्टी व रेत के अवैध परिवहन में लिप्त पाँच वाहन जब्त ; जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ कार्रवाई जारी

कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बीती रात व दिन में अलग-अलग स्थानों पर चैक प्वॉइंट लगाकर लोडिंग वाहनों की जाँच की गई, अर्थदण्ड के साथ कानूनी कार्रवाई प्रस्तावित की

ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने खनिज विभाग के अधिकारियों को दिन के साथ- साथ रात्रिकाल में भी छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा बीते रात व दिन में अलग-अलग स्थानों पर चैक प्वॉइंट लगाकर लोडिंग वाहनों की जाँच की। इस दौरान गिट्टी व रेत के अवैध परिवहन में लिप्त पाँच वाहन जब्त किए गए। 

प्रभारी जिला खनिज अधिकारी  घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि सोमवार की रात डबरा क्षेत्र में जाँच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त की गई हैं। इसी तरह मंगलवार को दिन में मेहरा टोल, बेरजा व बिलौआ में चैकिंग प्वॉइंट लगाकर वाहनों की जाँच की गई। इस दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 10 चक्का वाले दो डम्फर जब्त किए गए। जब्त सभी वाहन संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं। साथ ही अर्थदण्ड के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।