ग्वालियर। सीएसपी हिना ख़ान को टक्कर मारने का प्रयास करने वाले आरोपी युवक को ग्वालियर पुलिस ने पकड़ लिया है। एएसपी ट्रैफ़िक के निर्देश पर आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कार्यवाही में आरोपी के खिलाफ अनियंत्रित तरीके से लापरवाही पूर्वक नीली पीली बत्ती लगाकर कार चलाने वाले चालक का थाना यातायात गोला का मंदिर ने मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 15000/- रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
बता दे कि शहर के ऐतिहासिक विक्टोरिया मार्केट में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई थी, जब एक फर्जी बत्ती लगी गाड़ी के चालक ने महिला पुलिस अधिकारी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि सीएसपी समय रहते पीछे हट गईं थी , लेकिन इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सीएसपी हिना खान विक्टोरिया मार्केट में बीती शाम किताबें खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसी गाड़ी पर पड़ी जिस पर अवैध रूप से पुलिस जैसी लाल-नीली बत्ती लगी थी। जब उन्होंने गाड़ी रुकवाकर युवक से उसकी पहचान और बत्ती लगाने का कारण पूछा, तो युवक ने जवाब देने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया।
बाल-बाल बचीं थी महिला अधिकारी
युवक ने गाड़ी इतनी तेजी से निकाली कि उसने सीधे सीएसपी को टक्कर मारने की कोशिश की। सीएसपी हिना खान ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को पीछे खींचा, जिससे उनकी जान तो बच गई। हालांकि, गाड़ी की चपेट में आने से उनके ड्राइवर का हाथ चोटिल हो गया है।
शहर में नाकाबंदी, आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है, लेकिन देर रात तक गाड़ी का सुराग नहीं लग पाया था।
