ग्वालियर। आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप मध्यप्रदेश में संकल्प से समाधान अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। ग्वालियर जिले में अभियान के तहत अब तक 40 हजार से अधिक आवेदन पत्रों का निराकरण कर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया है।
कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिले में शिविर आयोजित कर संकल्प से समाधान अभियान के तहत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 22 विभागों की कुल 106 योजनाओं के आवेदन पत्र प्राप्त कर विभागीय स्तर पर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्राप्त आवेदन पत्रों में विभिन्न योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने बताया कि जिले में संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक वार्ड प्रभारियों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर 22 विभागों की 106 योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों को निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य भी किया गया। 16 फरवरी से 15 मार्च 2026 तक जिला स्तर से शिविरों का आयोजन कर पूर्व में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान के द्वितीय चरण में 16 मार्च से 25 मार्च 2026 तक ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तृतीय चरण में 26 मार्च से 31 मार्च 2026 के मध्य जिला स्तर पर एक वृहद शिविर आयोजित कर शेष बचे आवेदन पत्रों का अंतिम निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जायेगा। जिले में 20 फरवरी 2026 तक कुल 54 हजार 101 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 40 हजार 445 आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए हैं। जिले में आयोजित शिविरों की निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। शहरी क्षेत्र में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं ग्रामीण क्षेत्र में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सोजान सिंह रावत के निर्देशन में संकल्प से समाधान अभियान के तहत सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है।
