टॉप न्यूज़

शासन के सभी विभागों में ई-फाइल व्यवस्था लागू है ; निगम में सभी अधिकारी सक्षम स्वीकृति हेतु प्रकरण ई-ऑफिस के माध्यम से भेजें ; निगमायुक्त संघ प्रिय

निगम में 60 से अधिक अधिकारियों ने ई-ऑफिस पोर्टल पर कराया पंजीयन, शेष अधिकारियों को तीन दिवस में पंजीयन कराने के निर्देश

ग्वालियर। मध्यप्रदेश शासन के सभी विभागों में ई-फाइल की व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत अब सभी विभागों में फाइलों का मूमेंट इलेक्ट्रोनिक माध्यम से प्रारंभ हो गया है। प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम ग्वालियर में भी ई-ऑफिस प्रणाली को लागू किया गया है। नगर निगम ग्वालियर के 60 से अधिक अधिकारियों ने ई-ऑफिस पोर्टल पर जाकर न केवल अपना पंजीयन करा लिया है बल्कि ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने नगर निगम के सभी क्षेत्राधिकारी , विभागीय अधिकारी, नोडल अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री सहित अन्य ऐसे सभी अधिकारियों को जो फाइल मूमेंट करते हैं , उन्हें ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों का मूमेंट करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने नगर निगम के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग के ऐसे सभी अधिकारियों का ई-ऑफिस पर जाकर पंजीयन करा लें जो फाइल मूमेंट करते हैं। निगम के जिन अधिकारियों ने अभी भी ई-ऑफिस पर अपना पंजीयन नहीं कराया है वे तीन दिवस के अंदर अपना पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी अपने विभाग के विभिन्न पत्रों, छुट्टी के आवेदनों, छोटी फाइलों का मूमेंट वरिष्ठ अधिकारियों के पास ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही भेजना प्रारंभ करें।

निगमायुक्त संघ प्रिय ने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि अपने-अपने ऑफिस में ई-ऑफिस के संबंध में सभी कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी भी दें। कर्मचारियों को आवश्यकता हो तो ई-ऑफिस का प्रशिक्षण भी दिलाया जाए। जो फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से सक्षम स्वीकृति हेतु प्रेषित की जाएं उनका व्यवस्थित रिकॉर्ड भी विभागीय अधिकारी संधारित करें। उन्होंने ऐसे विभागीय अधिकारियों को जिन्होंने ई-ऑफिस पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया है उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र अपना पंजीयन कराकर फाइलों को सक्षम स्वीकृति हेतु ई-ऑफिस के माध्यम से ही भेजें।