अपना शहर

निगम के अमले ने एक अवैध कॉलोनी को किया धराशाई; ग्राम गिरवाई में बिना अनुमति के कॉलोनियों में विकास कार्यों पर कार्रवाई करते विकास कार्यों को हटाया

श्रीराम वाटिका द्वारा सड़क पर फैलाई गंदगी वसूला जुर्माना, उधर निगम के मदाखलत अमले ने गाँधी मार्केट एवं दानाओली में मुख्य मार्ग से हटाये हाथठेले

ग्वालियर। नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रहीं अवैध कॉलोनियेां पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। कॉलोनाइजरों द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर एवं नगर निगम ग्वालियर की अनुमति के बिना कॉलोनियों में विकास कार्य किए जा रहे थे। जिन पर कार्रवाई करते हुए निगम अमले द्वारा विकास कार्यों को हटाया गया।

भवन अधिकारी पवन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशानुसार सिटी प्लानर महेन्द्र अग्रवाल के निर्देशन में नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही हैै।

जिसके तहत प्रथम चरण में चयनित 58 अवैध कॉलानियों में से आज 20 फरवरी 2026 को ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा वार्ड क्र 65 के अन्तर्गत ग्राम गिरवाई के सर्वे क्र 1279/1 लगभग रकवा 1.34 हेक्टेयर (कुल 01 अवैध कॉलोनी) भूमि पर महेश कुशवाह पुत्र खेमराज कुशवाह द्वारा अवैध कॉलोनियों में सड़क, सीवर, बाउण्ड्रीवॉल एवं विद्युत पोल आदि निर्माण किये गये थे। जिन्हें हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई में भवन निरीक्षक संजीव झा, मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा पुलिस बल आदि उपस्थित रहे।

श्रीराम वाटिका द्वारा सड़क पर फैलाई गंदगी तो वसूला जुर्माना

शहर स्वच्छ व साफ रहे इसलिए गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलीथिन, गोबर नालियों में बहाने वालों एवं भवन सामग्री सडक पर डालने वालों पर निगम द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। जिसके तहत आज शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में वार्ड-49 में श्रीराम वाटिका द्वारा सड़क पर कचरा फैंकने एवं गंदगी फैलाने पर 5000 रूपये, वार्ड क्र.-41 छत्रीमंडी में दुकानदारों द्वारा सड़क पर गंदगी फैलाने पर 3500 रूपये का जुर्माना लगाया गया।  इस कार्रवाई के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी  जोगेंद्र यादव,  धर्मेंद्र परमार,  दीपांशु , फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी धर्मेंद्र धीरज आदि अमला मौजूद रहा।

गाँधी मार्केट एवं दानाओली में मुख्य मार्ग से हटाये हाथठेले 

उधर नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा सुगम यातायात के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मदाखलत अधिकारी के अनुसार निगमायुक्त  के निर्देशानुसार एवं नोडल अधिकारी के निर्देशन में दक्षिण विधानसभा अंतर्गत गाँधी मार्केट एवं दानाओली में हाथठेले एवं मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाकर हाथठेला, काउंटर आदि सामान को जब्त करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में मदाखलत निरीक्षक एवं दक्षिण विधानसभा का मदाखलत अमला मौजूद रहा।