अपना शहर

एसआईआर; निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के माध्यम से दी जायेगी जानकारी

जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 24 फरवरी को, बैठक के बाद बाल भवन में अधिकारियों का प्रशिक्षण भी होगा

ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ग्वालियर जिले में भी फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली (अर्हता तिथि 01.01.2026) का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिले के प्रतिनिधियों की बैठक इस दिन दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित होगी। इस बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी।

जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 24 फरवरी को

जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 24 फरवरी को बुलाई गई है। इस दिन यह बैठक सुबह 10.30 बजे कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में बाल भवन में आयोजित होगी। बता दे कि जनगणना 2027 से संबंधित गतिविधियों के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिये कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन किया गया है।

इस समिति में आयुक्त नगर निगम संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल बनवारिया, प्रभारी जिला योजना अधिकारी सूर्यकांत त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तृप्ति निगम, जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी, प्रभारी परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण भूमिजा सक्सेना व जनसंपर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया को बतौर सदस्य शामिल किया  है।

अधिकारियों का प्रशिक्षण भी 24 फरवरी को

जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक के बाद 24 फरवरी को बाल भवन के एसक्यूआई सभागार में जनगणना कार्य में संलग्न किए गए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के समस्त चार्ज व सह चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस प्रशिक्षण में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, अपर तहसीलदार, नायब तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारी भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण 25 फरवरी को भी जारी रहेगा। इसी प्रकार नगर पालिक निगम ग्वालियर के नगर जनगणना अधिकारी, जोनल चार्ज अधिकारी एवं लिपिकों का प्रशिक्षण 26 व 27 फरवरी को बाल भवन में रखा गया है।है।