ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित प्रथम राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ₹87 करोड़ से अधिक लागत के 41 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया तथा प्रगतिशील किसानों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री जी ने उन्नत कृषि तकनीक पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर आधुनिक खेती के नवाचारों की सराहना भी की। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्राम कुलैथ ग्वालियर में आयोजित रोड शो में भीसहभागिता की।की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यशस्वी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए दृढ़संकल्पित है। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपए से अधिक का ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया गया है। कृषि कल्याण वर्ष में प्रदेश के किसानों के लिए एक लाख करोड़ से अधिक राशि का प्रावधान किसान हितैषी योजनाओं के लिये किया है। यह प्रदेश सरकार का किसानों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के साथ हम प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन में लंबे समय से अग्रणी है। अब किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने का संकल्प लिया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना से प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को कृषि कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में ग्वालियर जिले में स्थित भगवान जगन्नाथ की पुण्य भूमि ग्राम कुलैथ में आयोजित हुए विशाल किसान सम्मेलन में हजारों की संख्या में मौजूद किसान भाईयों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 87 करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक लागत के 41 विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। साथ ही कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा भी की। साथ ही किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिये लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
किसानों की पट्टों वाली जमीन की अपने खर्चे पर सरकार करायेगी रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की जमीन के पट्टों की रजिस्ट्री का पूरा खर्च सरकार उठाएगी, इसके लिए बजट में पर्याप्ट धनराशि का प्रावधान किया है। इससे किसानों को बैंकों के माध्यम से योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा किसानों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के किसानों को सोलर पंप वितरित कर उन्हें बिजली और सिंचाई के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बुंदेलखंड की केन-बेतवा लिंक परियोजना का लाभ चंबल क्षेत्र के किसानों को भी मिलने वाला है। चंबल नदी के माध्यम से सिंचाई की सुविधा मिलने से यहां खेतों में फसलें लहलहाएंगी।
सरकार स्कूली बच्चों को नि:शुल्क दूध उपलब्ध करायेगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली से 8वीं कक्षा तक के बच्चों के सुपोषण के लिये सरकार नि:शुल्क दूध उपलब्ध करायेगी। इस साल के बजट में यह योजना प्रस्तावित की गई है। साथ ही बजट में लाड़ली बहनों के लिए 23 हजार करोड़ से अधिक राशि आवंटित की गई है।
कन्हैया लोकगीतों व बैलगाड़ी दौड़ का भी लिया आनंद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करने से जीवन की अनेक कठिनाइयां खत्म हो जाती हैं। बाबा महाकाल ने सभी के जीवन का समय निश्चित किया है, इसलिए समाज कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण पारंपरिक लोक गायकों द्वारा प्रस्तुत कन्हैया लोकगीतों का आनंद भी मुख्यमंत्री यादव ने लिया। उन्होंने मनमोहक कन्हैया लोक गीत प्रस्तुत करने वाले लोक गायकों के ऊपर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन व उत्साहवर्धन किया। लोक गायन में भाग लेने वाली सभी 18 टीमों को 5 – 5 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
किसान सम्मेलन में इनकी रही मौजूदगी
कुलेथ में आयोजित किसान सम्मेलन में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, संतश्री राजेश्वरानंद जी, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम मांझी, लोकमाता अहिल्याबाई बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पाल, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव तथा शिवराज सिंह यादव व देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।थे।
