ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वाले एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हुआ, जिसमें थाना मुरार क्षेत्र में राजश्री पुड़िया के दामों को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी होने पर गुस्साए ग्राहक ने दुकानदार पर कट्टा तानकर धमकाता हुआ दिखाई दिया है। वायरल वीडियो संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने एएसपी ट्रैफ़िक अनु बेनीवाल को थाना मुरार पुलिस की टीम बनाकर आरोपी की पतारसी कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार अतुल कुमार सोनी के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल द्वारा थाना बल की टीम को आरोपी को पकड़ने के लिए लगाया गया। बीते रोज 16 फरवरी को मुरार पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि विडियो में कट्टा निकालकर धमकाने वाला व्यक्ति भूमिया बाबा मंदिर तरफ से मोहनपुर पुल तरफ हाईवे किनारे जा रहा है।
इस सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो सड़क किनारे मुखबिर के बताये हुलिये का संदिग्ध दिखा, जिसने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गये लड़के से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम आशीष यादव उर्फ खच्चा पुत्र शिवचरन यादव 30 साल निवासी बडागांव ग्वालियर का रहने वाला बताया। पकड़े गये लड़के की तलाशी लेने पर उसकी कमर में एक 315 बोर का देशी कट्टा मिला एवं उसके लोअर की जेब में 315 बोर का एक जिंदा राउंड रखा मिला। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी का कृत्य धारा 25 (1-बी) (ए) आर्म्स एक्ट के तहत दण्डनीय होने से आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा व एक जिंदा राउंड को विधिवत जब्त किया गया। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ थाना मुरार में धारा 25 (1-बी) (ए) आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया हैं। बदमाश से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त हथियार : एक 315 बोर का देशी कट्टा मय एक जिंदा राउंड।
सराहनीय भूमिकाः थाना प्रभारी मुरार मैना पटेल, प्रआर नरवीर सिंह राणा, आरक्षक संजय गुर्जर, देवेंद्र साहू, राहुल जाट, नीरज यादव, नरेश राजावत की सराहनीय भूमिका रही है।
फरार आरोपी सचिन की गिरफ्तारी पर 30 हजार का इनाम घोषित किया
फरार चल रहे आदतन आरोपी सचिन पुत्र माधव सिंह रावत निवासी ग्राम टोरियाकलां जिला शिवपुरी की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया है। पूर्व में इस आरोपी पर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जो भी व्यक्ति विधि संगत तरीकों से इस आदतन अपराधी को गिरफ्तार कराने में मदद करेंगे, उन्हें यह इनाम दिया जायेगा। आरोपी सचिन के खिलाफ पुलिस थाना करैरा में संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
