राजनीति

‘‘भाजपा फॉर विकसित केरलम‘‘; केरल के जनप्रतिनिधियों ने प्रवास के दूसरे दिन रविवार को भोपाल एवं ग्वालियर में विभिन्न स्थानों का भ्रमण, योजनाओं का अवलोकन कर संवाद किया

मध्यप्रदेश में कार्यकर्ताओं ने भाजपा संगठन को बुलंदी तक पहुंचाया है: नरेन्द्र सिंह तोमर, केरल निकायों के जनप्रतिनिधियों ने कहा-मध्यप्रदेश की बेहतर योजनाओं व नवाचारों को केरल में करेंगे लागू

भोपाल/ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के ‘‘भाजपा फॉर विकसित केरलम‘’ कार्यक्रम के तहत केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों का मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन  भोपाल में 11 सदस्यीय और ग्वालियर में 13 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर योजनाओं का अवलोकन किया। भोपाल के प्रतिनिधि मंडल ने लोक-भवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से भी मुलाकात कर संवाद किया। मध्यप्रदेश विधानसभा का भ्रमण करने पहुंचे जनप्रतिनिधियों से विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के संगठन को बुलंदी तक पहुंचाया है। नगरीय विकास विभाग की योजनाओं का भ्रमण और अवलोकन के बाद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में नगरीय विकास की कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। योजनाओं और नवाचारों को बारीकी से समझा और देखा है। केरल के निकायों में भी ऐसी योजनाओं को लागू कराया जाएगा।

मध्यप्रदेश देश का आदर्श राज्य है : नरेन्द्र सिंह तोमर

मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश देश के उत्कृष्ट और समृद्ध राज्यों में से एक है। मध्यप्रदेश में जनसंघ के समय से भाजपा का संगठन मजबूत स्थिति में है और आज यह संगठन अपनी कार्यकुशलता और जनसेवा के लिए पूरे देश में आदर्श बना हुआ है। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन बूथ स्तर पर पूरी तरह सक्रिय है और वहां की समितियां लगातार जनता की सेवा में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन का हर कार्यकर्ता गांव व शहरों में पार्टी के विचारों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यही हमारी सफलता का राज है। मध्यप्रदेश और केरल राज्य के बीच हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं, और इस उदाहरण के रूप में ओ. राजगोपाल जैसे वरिष्ठ नेता को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था, जो पार्टी के मजबूत संबंधों और सहयोग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार और भाजपा संगठन हर स्तर पर जनता की समस्याओं को समझकर समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम के नेतृत्व में मिली केरल में भाजपा को विजय

केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान भोपाल और ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत और सम्मान से अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से मुलाकात निश्चित हुई, तब विश्वास नहीं हो रहा था कि हम जैसे सामान्य कार्यकर्ता सीधे प्रधानमंत्री जी से मिल सकते हैं। जब मध्यप्रदेश के भोपाल व ग्वालियर का प्रवास कार्यक्रम निर्धारित हुआ, तब किसी ने नहीं सोचा था कि मध्यप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता हम लोगों का इतना सम्मान व स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा को पिछले कई वर्षों बाद निकाय चुनावों में बड़ी जीत मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया और आज केरल के कई निकायों में भाजपा का परचम लहरा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केरल में कांग्रेस और सीपीएम को परास्त कर दोनों पार्टियों का भ्रम एक साथ तोड़ दिया है। अब केरल के सभी पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों को पूरा करने में जुटे हुए हैं।

भोपाल में विधानसभा भवन, शौर्य स्मारक सहित विभिन्न स्थानों का किया अवलोकन

भोपाल में केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने लोकभवन पहुंचकर मध्यप्रदेश के राज्यपाल  मंगुभाई पटेल से भेंट कर संवाद किया। उन्होंने महावीर गिरि पर्यटन स्थल, ट्रायबल म्यूजियम, वन विहार, शिकारा बोटिंग, शौर्य स्मारक और विधानसभा भवन का दौरा किया। जनप्रतिनिधियों ने इन स्थलों पर राज्य की विकासात्मक योजनाओं और व्यवस्थाओं को देखा और भविष्य में अपने राज्य में इन्हें लागू करने की योजना बनाई। इसके बाद उन्होंने 10 नंबर मार्केट स्थित कचरा कैफे का अवलोकन किया, जो स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ग्वालियर में स्मार्ट सिटी परियोजना सहित अन्य स्थानों पर किया भ्रमण

ग्वालियर में पहुंचे केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने रविवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कमल सिंह का बाड़ा स्थित आवास पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने मोतीमहल, अत्याधुनिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, जलविहार स्थित नगर निगम परिषद का अवलोकन कर स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, नगर निगम के कार्यों की जानकारी प्राप्त की। बालभवन स्थित कार्यालय में जनप्रतिनिधियों से संवाद कार्यक्रम में नगरीय विकास की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष  अग्रवाल, जिला अध्यक्ष  जयप्रकाश राजौरिया सहित जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।रहे।