अपना शहर

मसाला पिसाई केंद्र में मिलावट की आशंका ; छापामार कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा टीम ने पिसाई केंद्र परिसर से लकड़ी का बुरादा बरामद किया है, टीम ने जांच के लिए मसालों के नमूने लिए

खाद्य विभाग की टीम ने 30 हजार 700 रूपये कीमत के गरम मसाले जब्त किए,जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर पिसाई केंद्र का पंजीयन निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी

ग्वालियर। आमजनों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके, इसके लिए कलेक्टर  रुचिका चौहान के निर्देश पर निरंतर खाद्य विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है। सोमवार को खाद्य विभाग की टीम ने मसाला पिसाई चक्की पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान वहां लकड़ी का बुरादा मिला। खाद्य विभाग की टीम ने गरम मसालों की जांच हेतु नमूने लिए और 30 हजार 700 रूपये कीमत के गरम मसाले जब्त किए। जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर पिसाई केंद्र का पंजीयन निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर  रुचिका चौहान के निर्देश पर अभिहित अधिकारी  डॉ. सचिन श्रीवास्तव के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम  हॉस्पीटल रोड स्थित मसाला पिसाई चक्की पर पहुंची। वहां मौके पर कल्ली शाह के द्वारा धनिया मसाला की पिसाई की जा रही थी। टीम ने मसाला पिसाई परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में साबूत हल्दी, साबूत लाल मिर्ची पाउडर व साबूत धनिया, धनिया पाउडर, गर्म मसाला पाउडर के अलावा चौकर और लकडी का बुरादा भी रखा पाया गया। लकडी का बुरादा का उपयोग धनिया में मिलावट के लिए किए जाने के संदेह पर टीम ने जांच के लिए नमूने लिए हैं। 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम के पूछताछ करने पर कल्ली शाह ने बताया कि परिसर को किराये पर लेकर मसालों का कारोबार करता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी  ने मसाला पिसाई चक्की के मालिक कल्ली शाह से गर्म मसाला पाउडर, धनिया पाउडर, चौकर, लकडी का बूरादा और साबूत धनिया के नमूने लिये।  साथ ही  परिसर में रखे करीब 30 kg गरम मसाला पाउडर, 40 किग्रा धनिया पाउडर, 30 किग्रा चौकर और 40 किग्रा लकडी का बुरादा एवं 50 किग्रा साबूत धनिया को नियमानुसार जब्त किया । जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार 700 रूपये है । इसके साथ ही स्टोन पार्क स्थित गजानन टेडिंग नारियल बुरादा का सैंपल लिया। कार्यवाही के दौरान  खाद्य सुरक्षा अधिकारी  बृजेश कुमार शिरोमणि, गोविन्द नारायण सरगैयां, सतीश धाकड एवं सतीश कुमार शर्मा मौजूद थे।