अपना शहर

जनगणना 2027 ; जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 24 फरवरी को, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन

गौ-संवर्धन के लिए आचार्य विद्यासागर योजना में 60 पशु-पालकों को मिला लाभ, योजना का उद्देश्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है

ग्वालियर। जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 24 फरवरी को बुलाई गई है। इस दिन यह बैठक सुबह 10.30 बजे कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित होगी। ज्ञात हो जनगणना 2027 से संबंधित गतिविधियों के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिये कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति का गठन किया है। इस समिति में आयुक्त नगर निगम संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल बनवारिया, प्रभारी जिला योजना अधिकारी सूर्यकांत त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तृप्ति निगम, जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी, प्रभारी परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण भूमिजा सक्सेना व जनसंपर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया को बतौर सदस्य शामिल किया है। 

गौ-संवर्धन के लिए आचार्य विद्यासागर योजना में 60 पशुपालकों को मिला लाभ, किसानों की आर्थिक स्थिति  सुधारने की कवायद

प्राकृतिक खेती एवं पशुपालन को बढा़वा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना के तहत जिले के 60 किसानों को लाखों रूपये का अनुदान दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है। किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में पशुपालकों की संख्या में बढोतरी करना व दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, नस्ल सुधार के माध्यम से पशुओं की दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ ही पशुपालन के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। इस योजना के लिए किसानों के लिए स्वयं की भूमि होना आवश्यक है। पाँच पशुओं की इकाई के लिए किसान के पास 1 एकड भूमि एवं 10 पशुओं की यूनिट के लिए किसान के पास 2 एकड भूमि स्वामी होनी चाहिए। इस योजना के तहत अधिकतम राशि सीमा 10 लाख रूपये है।