टॉप न्यूज़

निर्माणाधीन छात्रावास की बाउंड्रीवॉल तोड़ने पर ठेकेदार की जेसीबी जब्त , एफआईआर दर्ज, छात्रावास निर्माण सामग्री को भी मिट्टी से दबा दिया

हुरावली में शासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति के छात्रों के लिए 250 सीटर छात्रावास का निर्माण PWD विभाग द्वारा किया जा रहा है

ग्वालियर। हुरावली में शासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति के छात्रों के लिए 250 सीटर छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। रविवार की शाम को छात्रावास के पास स्थित रेजिडेंसी के ठेकेदार ने जेसीबी से छात्रावास की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी । साथ ही निर्माण सामग्री भी मिट्टी से दबा दी।  सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने तत्काल जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम मौके पर भेजा। टीम ने ठेकेदार की जेसीबी जप्त कर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए छात्रावास का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा किया जा रहा है । रविवार की शाम तकरीबन 5:00 बजे राधा रेजिडेंसी के ठेकेदार सोनू शर्मा द्वारा छात्रावास की बाउंड्री जेसीबी से तोड़ दी। साथ ही छात्रावास के निर्माण के लिए लाई गई सामग्री को मिट्टी से दबा दिया।  इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा दी गई । सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की टीम को तत्काल मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए । टीम जब मौके पर पहुंची  तब वहां पर जेसीबी से निर्माण सामग्री में मिट्टी मिलाई जा रही थी । टीम ने तत्काल मौके पर जेसीबी को जब्त किया और बाउंड्री वॉल तोड़ने वाले सोनू शर्मा के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।