अपना शहर

केरल के जनप्रतिनिधियों का दल दो दिवसीय प्रवास पर आयेगा ; यहाँ ग्वालियर की ऐतिहासिक विरासत और विकास कार्यों का करेगा अवलोकन

केरल का दल 14 व 15 फरवरी को ग्वालियर शहर के भ्रमण पर रहेगा, इस दौरान मेहमान जनप्रतिनिधियों का दल ग्वालियर के ऐतिहासिक किले का भी अवलोकन करेगा

ग्वालियर। केरल के जनप्रतिनिधियों का एक दल दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आ रहा है। यह दल ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करने के साथ ही केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत किए गए विकास कार्यों का भी अवलोकन करेगा। इसके साथ ही ग्वालियर नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला का भी अवलोकन करेंगे। केरल के जनप्रतिनिधियों का दल 14 व 15 फरवरी को ग्वालियर भ्रमण पर रहेगा।

यह दल निगम के परिषद कार्यालय पहुँचकर परिषद की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही पार्षदों से भी चर्चा करेगा। इसके साथ ही गौशाला की व्यवस्थाओं और नगर निगम द्वारा स्थापित सीएनजी प्लांट का भी अवलोकन करेगा।

 दल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल फिल्टर प्लांट, स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का भी अवलोकन किया जायेगा। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान केरल का दल ग्वालियर के ऐतिहासिक किले का भी अवलोकन करेगा। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के निवास पर पहुँचकर उन्हें श्रद्धा-सुमन भी अर्पित करेगा। साथ ही जिले के अधिकारियों से भी शहर विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा करेगा। यह दल 14 फरवरी को दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन द्वारा ग्वालियर आयेगा। भ्रमण के बाद 15 फरवरी की रात में रेलमार्ग से ग्वालियर से केरल के लिये रवाना होगा।