टॉप न्यूज़

कलेक्टर कॉन्फ्रेंस; शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का जिले में बेहतर हो क्रियान्वयन, साथ ही आमजनों की समस्याओं का भी समय-सीमा में और सकारात्मक निराकरण हो; संभाग आयुक्त खत्री

कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की हुई समीक्षा, गूगल मीट के जरिए संभाग के सभी कलेक्टर हुए शामिल

ग्वालियर। शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन हो, इसके साथ ही आमजनों की समस्याओं का भी समय-सीमा में और सकारात्मक निराकरण हो, यह सुनिश्चित किया जाए। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने गुरुवार को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में ग्वालियर कलेक्टर  रुचिका चौहान सहित संभाग के दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर जिलों के कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारी शामिल हुए।

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों का जिले में बेहतर क्रियान्वयन हो, इसके लिये जिला कलेक्टर अपने-अपने जिले में व्यवस्थित प्लान बनाकर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का भी सकारात्मक और समय पर निराकरण हो, इसके लिये जिला कलेक्टर नियमित समीक्षा कर निराकरण सुनिश्चित कराएं। सीएम हैल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में हो। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूद्ध भी दण्डात्मक कार्रवाई होना चाहिए। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने बैठक में कानून व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास आदि विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

संभागीय आयुक्त खत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि विशिष्ट अतिथियों एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन एवं धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजनों के दौरान सुरक्षा एवं अन्य प्रबंधन बेहतर हो, इसके लिये जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन समन्वय स्थापित कर व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि नामांतरण, सीमांकन एवं बटवारे के साथ-साथ राजस्व संबंधी जो भी प्रकरण हैं उनका निराकरण राजस्व अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें।

लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रकरणों के निराकरण के लिये जो समय-सीमा निर्धारित है, उसका विशेष ध्यान दिया जाए। समय-सीमा में निराकरण न करने वाले राजस्व अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाए। सीएम हैल्पलाइन में नॉन अटेंड करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि सीएम हैल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को न देखने वाले (नॉन अटेंड) अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। शिकायतों का निराकरण न करना घोर लापरवाही है। इसके साथ ही शिकायतों का नकारात्मक निराकरण करने वालों के विरूद्ध भी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सीएम हैल्पलाइन में प्राप्त प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सभी विभागीय अधिकारी करें। जिला कलेक्टर सीएम हैल्पलाइन की निरंतर मॉनीटरिंग कर जिले की रैंकिंग को बेहतर बनाने का कार्य करें। 

पराली जलाने वालों को करें चिन्हित 

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि ग्वालियर संभाग के सभी जिलों में पराली जलाने वालों को चिन्हित किया जाए। आगामी दिनों में फसल कटाई के बाद पराली जलाने की घटनायें सामने आती हैं। सभी जिलों में बीते वर्षों के अनुभव को देखते हुए चिन्हांकन का काम किया जाए। इसके साथ ही किसानों को भी कृषि विभाग के माध्यम से आवश्यक सलाह विभिन्न प्रचार माध्यमों से दी जाएं। कृषि विभाग के माध्यम से पराली के बेहतर प्रबंधन के संबंध में भी जानकारी दी जाए। कृषि अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में जाकर किसानों को कृषि की आधुनिक जानकारियां भी प्रदान करें। 

एक जिला-एक उत्पाद के तहत दूसरा उत्पाद भी चिन्हित करें 

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि ग्वालियर संभाग के सभी जिलों में एक जिला-एक उत्पाद का चयन किया गया है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में 2 - 2 उत्पादों को चयनित करने के निर्देश दिए गए हैं। संभाग के सभी जिला कलेक्टर अपने जिले में द्वितीय उत्पाद का चयन कर उसे प्रोत्साहित करने का कार्य करें। और की गई कार्रवाई से वरिष्ठ कार्यालय को भी अवगत कराया जाए। संभागीय आयुक्त ने बैठक में ग्रामीण विकास, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग सहित शासन की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की भी समीक्षा की ।