ग्वालियर। डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में धार्मिक आयोजन की कड़ी में आज पं प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में दूसरे दिन भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने डबरा पहुँचे थे, और पंडाल के बाहर तक श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा था । 13 फरवरी तक चलने वाली इस कथा में शिव भक्ति की रसधारा अनवरत बहेगी। आयोजन समिति ने भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं, ताकि हर श्रद्धालु शांतिपूर्वक कथा का श्रवण कर सके।
गुरुवार को सुबह डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ का कलेक्टर रूचिका चौहान ने फ़िर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थापकों एवं वालेंटियरों से भी बात की। इसके साथ ही उन्होंने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा को निर्देशित किया है कि व्यवस्थाओं में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय तक कार्य स्थल पर उपस्थित होने के लिये निर्देशित करें। इसके साथ ही व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखें। शहर में आ रहे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये सभी मार्गों पर भी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी रखें। सम्पूर्ण शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
